मारुति सुजुकी भारत में सबसे ज्यादा कार बेचती है, यह तो सभी को पता है, लेकिन क्या आपको पता है कि बीते साल 2024 में टाटा मोटर्स ने मारुति सुजुकी को एक मामले में बुरी तरह पछाड़ दिया। जी हां, टाटा मोटर्स की सस्ती एसयूवी टाटा पंच साल 2024 में सबसे ज्यादा बिकने वाली कार रही है और इसने मारुति सुजुकी की वैगनआर, अर्टिगा और ब्रेजा के साथ ही हुंडई क्रेटा जैसी एसयूवी को पछाड़ते हुए नंबर 1 कार की गद्दी हासिल की।
टाटा मोटर्स की सबसे सस्ती कॉम्पैक्ट एसयूवी पंच की बीते साल 2024 के 12 महीनों में 2,02,030 लाख यूनिट बिकी है। टाटा पंच पिछले साल लगभग हर महीने में टॉप 5 कारों में से रही है और कई महीने यह सबसे ज्यादा बिकने वाली कार रही। टाटा पंच की मौजूदा एक्स शोरूम प्राइस 6 लाख रुपये से लेकर 10.15 लाख रुपये तक है।
मारुति सुजुकी की फैमिली हैचबैक वैगनआर को पिछले साल 12 महीनों में 1,90,855 यूनिट बिकी है। वैगनआर भारत में लोअर मिडिल क्लास लोगों को फेवरेट कार मानी जाती है और इसकी मौजूदा एक्स शोरूम प्राइस 5.54 लाख रुपये से लेकर 7.33 लाख रुपये तक है।
मारुति सुजुकी की पॉपुलर 7 सीटर कार अर्टिगा बीते साल खूब बिकी। अर्टिगा एमपीवी की कुल 12 महीनों में 1,90,091 यूनिट बिकी। अक्टूबर और नवंबर में अर्टिगा ने सभी कारों को पछाड़ दिया था। कॉम्पैक्ट 7 सीटर कार अर्टिगा की मौजूदा एक्स शोरूम प्राइस 8.69 लाख रुपये से लेकर 13.03 लाख रुपये तक है।
मारुति सुजुकी की सब-4 मीटर कॉम्पैक्ट एसयूवी ब्रेजा इस साल ग्राहकों को दीवाना बनाने में कामयाब रही और इसने टाटा नेक्सॉन को सबसे ज्यादा परेशान किया। ब्रेजा की पिछले साल 12 महीनों में कुल 1,88,160 यूनिट बिकी। मारुति सुजुकी ब्रेजा की मौजूदा एक्स शोरूम प्राइस 8.34 लाख रुपये से लेकर 14.14 लाख रुपये तक है।
हुंडई मोटर इंडिया की टॉप सेलिंग एसयूवी क्रेटा की बीते साल 12 महीनों में कुल 1,86, 919 यूनिट बिकी है। मिडसाइज एसयूवी खरीदने वालों को क्रेटा सबसे ज्यादा पसंद आई। क्रेटा की मौजूदा एक्स शोरूम प्राइस 11 लाख रुपये से शुरू होकर 20.30 लाख रुपये तक जाती है।








