जीएसटी की नई दरें सोमवार यानी 22 सितंबर से देशभर में लागू होने जा रही हैं। जीएसटी की नई दरों के लागू के बाद रसोई के जरूरी सामान से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स, दवाइयों और उपकरणों से लेकर ऑटोमोबाइल तक लगभग 375 वस्तुओं की कीमतें कम हो जाएंगी।
विभिन्न एफएमसीजी कंपनियों ने जीएसटी को युक्तिसंगत बनाने के लिए कीमतें कम करने का एलान पहले ही कर दिया है। अधिकतर दवाओं और फॉर्मूले व ग्लूकोमीटर और डायग्नोस्टिक किट जैसे चिकित्सा उपकरणों पर जीएसटी घटाकर पांच प्रतिशत कर दिए जाने से आम आदमी के लिए दवाओं की कीमतें कम हो जाएंगी। इसके अलावा, घर बनाने वालों को भी लाभ होगा क्योंकि सीमेंट पर जीएसटी 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है। सरकार ने पहले ही दवा की दुकानों को निर्देश दिया है कि वे जीएसटी कटौती के लाभों को ध्यान में रखते हुए अपनी अधिकतम खुदरा कीमत (एमआरपी) संशोधित करें या कम दरों पर दवाइयां बेचें।सेवाएं भी होंगी सस्ती
सेवाओं की बात करें तो सौंदर्य और शारीरिक स्वास्थ्य सेवाओं जिनमें हेल्थ क्लब, सैलून, नाई, फिटनेस सेंटर, योग आदि सेवाओं पर जीएसटी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) 18 प्रतिशत से घटाकर बिना टैक्स क्रेडिट के पांच प्रतिशत कर दिया गया है।
इसके अलावा, हेयर ऑयल, टॉयलेट सोप बार, शैंपू, टूथब्रश, टूथपेस्ट जैसे दैनिक उपयोग के उत्पाद भी सस्ते होने की संभावना है, क्योंकि इन पर कर वर्तमान 12/18 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है। टैल्कम पाउडर, फेस पाउडर, शेविंग क्रीम, आफ्टर-शेव लोशन जैसी अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में भी कमी देखने को मिलेगी। इन उत्पादों पर जीएसटी 18 प्रतिशत से घटकर पांच प्रतिशत हो गया है।
22 सितंबर से प्रभावी जीएसटी एक द्वि-स्तरीय संरचना होगी। जिसमें अधिकांश वस्तुओं और सेवाओं पर पांच और 18 प्रतिशत का कर लगेगा। अति विलासिता वस्तुओं पर 40 प्रतिशत कर लगाया जाएगा, जबकि तंबाकू और संबंधित उत्पाद 28 प्रतिशत और उपकर की श्रेणी में बने रहेंगे।
कार और टू-व्हीलर की कीमतों में होगी कमी
नवरात्रि के पहले दिन यानी सोमवार से देशभर में कार और टू-व्हीलर खरीदारों सस्ती होने वाली हैं। अग्रणी ऑटोमोबाइल कंपनियां मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स और हुंडई मोटर इंडिया ने अपने वाहनों की कीमतों में कटौती का एलान किया है। इसी तरह लग्जरी कार निर्माता मर्सिडीज-बेंज और बीएमडब्ल्यू के साथ-साथ टू-व्हीलर कंपनियां भी कीमतें घटा रही हैं। यह बदलाव 22 सितंबर से लागू होने वाली नई जीएसटी दरों के कारण हो रहा है।
एसी, डिशवॉशर के दाम 1,610 से 8,000 तक घटे
वोल्टास, डाइकिन, हायर गोदरेज और पैनासोनिक जैसी इलेक्ट्रॉनिक कंपनियों ने भी एयरकंडीशनर एवं डिशवॉशर की कीमताें में न्यूनतम 1,610 से 8,000 रुपये तक कटौती की है। कंपनियों को नवरात्र में 10 फीसदी से ज्यादा बिक्री होने की उम्मीद है। गोदरेज अप्लायंसेज कैसेट और टावर एसी पर 8,550 से 12,450 रुपये के बीच दाम घटाए हैं। हायर ने 3,202 से 3,905 रुपये, वोल्टास ने 3,400 से 3,700 रुपये, डाइकिन ने 1,610 से 7,220 रुपये, एलजी इलेक्ट्रॉनिक ने 2,800 से 3,600 और पैनासोनिक ने 4,340 से 5,500 रुपये तक एसी के दाम कम किए हैं।
अमूल ने दूध समेत 700 उत्पादों के दाम घटाए
अमूल ने भी 700 से ज्यादा उत्पादों की कीमतों में कटौती की है। इनमें घी, मक्खन, बेकरी व अन्य उत्पाद शामिल हैं। 610 रुपये किलो वाला घी अब 40 रुपये सस्ता होगा। 100 ग्राम मक्खन 62 रुपये के बजाय 58 रुपये व 200 ग्राम पनीर 99 रुपये के बजाय 95 रुपये में मिलेगा। पैकेज्ड दूध दो-तीन रुपये सस्ता होगा। इससे पूर्व मदर डेयरी भी दाम में कटौती की घोषणा कर चुकी है।
रेल नीर भी सस्ता, एक रुपये कम होगी कीमत
भारतीय रेलवे ने रेल नीर सस्ता कर दिया। अब एक लीटर की बोतल की कीमत 15 से घटकर 14 रुपये होगी। आधा लीटर की बोतल 10 के बजाय नौ रुपये में मिलेगी। रेलवे परिसरों/ट्रेनों में आईआरसीटीसी व अन्य ब्रांडों की पेयजल बोतलों के दाम भी 14 और नौ रुपये हो गए हैं।
शिकायतों के लिए पोर्टल पर विशेष सेक्शन
सरकार ने संशोधित जीएसटी दरों से संबंधित शिकायतें दर्ज कराने और उनके निवारण के लिए राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन (एनसीएच) के इनग्राम पोर्टल पर एक समर्पित श्रेणी बनाई है। इसमें ऑटोमोबाइल, बैंकिंग, ई-कॉमर्स, एफएमसीजी और अन्य उप-श्रेणियां हैं।
क्या हुआ सस्ता?
-
कई रोजमर्रा के सामान जैसे टूथपेस्ट, साबुन, शैम्पू, पैकेज्ड फूड, बिस्किट, स्नैक्स, घी, कंडेंस्ड मिल्क, साइकिल, स्टेशनरी, निश्चित कीमत तक के कपड़े और जूते पर टैक्स घटाकर 5% कर दिया गया है.
-
एयर कंडीशनर, रेफ्रिजरेटर, टीवी, डिशवॉशर, सीमेंट पर भी टैक्स केंद्रित रूप से घटाया गया है, जिससे कीमतें लगभग 7–8% कम हो जाएंगी.
-
छोटी कारें (1,200cc से कम) व टू-व्हीलर पर टैक्स की दरें कम की गई हैं.
-
बीमा प्रीमियम, दवाइयां, फॉर्मूलेशन, ग्लूकोमीटर और डायग्नोस्टिक किट पर टैक्स में कटौती की गई है.
क्या रहेगा महंगा?
-
तंबाकू उत्पाद, शराब, एरेटेड ड्रिंक्स और पैट्रोलियम उत्पादों पर 40% “सिन टैक्स” जारी रहेगा.
-
ऑनलाइन सट्टेबाजी, गेमिंग प्लेटफॉर्म, हीरे और कीमती रत्नों पर ऊंचा टैक्स लागू रहेगा.
नया स्लैब सिस्टम
-
अब सिर्फ दो मुख्य स्लैब होंगे: 5% और 18%.
-
इससे टैक्स स्ट्रक्चर सरल होगा और आम आदमी को बड़ा फायदा मिलेगा.
अन्य महत्वपूर्ण बातें
-
कल शाम 5 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र को संबोधित करेंगे, जिसमें इस बदलाव के बारे में अंतिम स्पष्टीकरण मिल सकता है.
-
नई जीएसटी दरें नवरात्रि के पहले दिन लागू की जा रही हैं, जिससे लगभग 375 वस्तुएं सस्ती होंगी.
-
बाजार में नए स्टॉक पर ही नये कर लागू होंगे, पुरानी दवाओं पर भी कर कटौती का असर दिखाई देगा.
जीएसटी 2.0 के तहत कौन-कौन से उत्पाद सस्ते होंगे
सस्ते होने वाले मुख्य उत्पाद
रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुएं
-
टूथपेस्ट, साबुन, शैंपू, हेयर ऑयल
-
पैकेज्ड फूड (बिस्किट, स्नैक्स, जूस)
-
डेयरी उत्पाद (घी, मक्खन, कंडेन्स्ड मिल्क, चीज़, दूध)
-
साइकिल, स्टेशनरी, नोटबुक, पेंसिल, इरेज़र
-
किफायती कपड़े और फुटवियर (₹2,500 तक के)
-
खाना पकाने के बर्तन, टेबलवेयर, किचनवेयर
-
खिलौने, म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट्स
घरेलू उपकरण और इलेक्ट्रॉनिक्स
-
एयर कंडीशनर, रेफ्रिजरेटर, डिशवॉशर
-
बड़े स्क्रीन वाले टीवी (पहले 28%, अब 18%)
-
वॉशिंग मशीन, माइक्रोवेव
ऑटोमोबाइल और वाहन
-
छोटी कारें (1,200cc तक का इंजन, 28% से घटकर 18%)
-
टू-व्हीलर, साइकिल
-
कृषि-यंत्र और ट्रैक्टर
स्वास्थ्य और मेडिकल उत्पाद
-
दवाइयां, मेडिकल ग्रेड ऑक्सीजन, डायग्नोस्टिक किट्स
-
थर्मामीटर, सर्जिकल सप्लाई, ग्लूकोमीटर
बीमा और सेवाएं
-
जीवन/स्वास्थ्य बीमा (कुछ कैटेगरी में पूरी तरह टैक्स फ्री)
-
जिम, सैलून, योगा सेंटर (अब 5% स्लैब में)
निर्माण सामग्री
-
सीमेंट (28% से 18%)
-
अन्य कंस्ट्रक्शन मटेरियल भी सस्ते होंगे
विशेष बातें
-
कई शिक्षा संबंधित वस्तुएं (नोटबुक, इरेज़र, ग्लोब) भी सस्ती होंगी
-
EVs (इलेक्ट्रिक व्हीकल्स) पर भी GST 5% ही रहेगा
इस बदलाव का सीधा फायदा उपभोक्ताओं को मिलेगा और उनकी महीने की बचत बढ़ेगी, खासकर मध्यम वर्ग के लिए.








