हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन आज मंगलवार (16 दिसंबर) को सेंसेक्स में करीब 700 अंकों की गिरावट है। ये 81,000 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी भी 200 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ 24,400 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
बैंक, ऑटो, मेटल और IT शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट है। NSE का निफ्टी बैंक इंडेक्स करीब 1% नीचे है। ऑटो, IT और FMCG इंडेक्स करीब 0.50% नीचे हैं। वहीं निफ्टी मीडिया और रियल्टी इंडेक्स करीब 1% ऊपर है।
एशियाई बाजारों में मिलाजुला कारोबार
- एशियाई बाजार में जापान के निक्केई में 0.16% की तेजी और कोरिया के कोस्पी में 0.90% की गिरावट है। चीन का शंघाई कम्पोजिट इंडेक्स 0.44% की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है।
- NSE के डेटा के अनुसार, 16 दिसंबर को विदेशी निवेशकों (FIIs) की नेट सेल ₹278.70 करोड़ रुपए रही। इस दौरान घरेलू निवेशकों (DIIs) की नेट सेल ₹234.25 करोड़ की रही।
- 16 दिसंबर को अमेरिका का डाओ जोंस 0.032% गिरकर 43,754 पर बंद हुआ। S&P 500 0.38% की तेजी के बाद 6,074 पर और नैस्डैक 1.24% ऊपर 20,173 के स्तर पर बंद हुआ।
इंटरनेशनल जेमोलॉजिकल इंस्टीट्यूट के IPO का आखिरी दिन डायमंड और ज्वैलरी को सर्टिफिकेट देने वाली कंपनी इंटरनेशनल जेमोलॉजिकल इंस्टीट्यूट के IPO के लिए आज बोली लगाने का आखिरी दिन है। पिछले दो कारोबारी दिन में यह IPO टोटल 77% सब्सक्राइब हुआ। 20 दिसंबर को कंपनी के शेयर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर लिस्ट होंगे।
आपको बता दें कि वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के बीच सोमवार को स्थानीय शेयर बाजार में गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 384 अंक गिरकर बंद हुआ। रुपये में गिरावट और चीन में कमजोर आर्थिक आंकड़ों के बीच धातु तथा आईटी शेयरों में बिकवाली दबाव से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 384.55 अंक की गिरावट के साथ 81,748.57 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 100.05 अंक की गिरावट के साथ 24,668.25 अंक पर बंद हुआ था। मार्केट एक्सपर्ट के अनुसार, अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व इस सप्ताह नीतिगत दर पर निर्णय लेगा। इसको देखते हुए निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया जिससे वैश्विक बाजार में नरमी बनी हुई है।
इन शेयरों में तेजी और मंदी
सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 कंपनियों में से रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, नेस्ले, लार्सन एंड टुब्रो, बजाज फिनसर्व, एचडीएफसी बैंक, जेएसडब्ल्यू स्टील और टाइटन के शेयर नुकसान में रहे। टाटा मोटर्स, अदाणी पोर्ट्स, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयरों में तेजी आई।
कच्च तेल सस्ता हुआ
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, हांगकांग का हैंगसेंग तथा चीन का शंघाई कम्पोजिट नुकसान में रहे जबकि जापान का निक्की फायदे में रहा। अमेरिकी बाजार सोमवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73.81 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 278.70 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
रुपया रिकॉर्ड 84.92 प्रति डॉलर के निचले स्तर पर
विदेशी पूंजी की निकासी और घरेलू शेयर बाजारों में नरमी के बीच रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में एक पैसे टूटकर अपने सर्वकालिक निचले स्तर 84.92 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि आयातकों और विदेशी बैंकों की ओर से डॉलर की मांग के कारण रुपये पर दबाव बने रहने की आशंका है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 84.89 पर खुला। शुरुआती सौदों के बाद 84.92 प्रति डॉलर पर आ गया, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले एक पैसे की गिरावट दर्शाता है। रुपया सोमवार को 11 पैसे की गिरावट के साथ 84.91 प्रति डॉलर के अपने सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ था।








