दिल्ली विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अरविंद केजरीवाल को एक बड़ा डर सता रहा है. वह डर है आम आदमी पार्टी के सीनियर नेताओं के घर रेड और उनकी गिरफ्तारी की. जी हां, अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को आशंका जताई कि आने वाले दिनों में आम आदमी पार्टी के सीनियर नेताओं के घर रेड पड़ सकती है. साथ ही उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री आतिशी को फर्जी केस में फंसाकर गिरफ्तार करने का भी प्लान है.
अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट कर यह आशंका जताई है. उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘महिला सम्मान योजना और संजीवनी योजना से ये लोग बुरी तरह से बौखला गए हैं. अगले कुछ दिनों में फर्जी केस बनाकर आतिशी जी को गिरफ्तार करने का इन्होंने प्लान बनाया है. उसके पहले “आप” के सीनियर नेताओं पर रेड की जायेंगी. आज 12 बजे इस पर प्रेस कांफ्रेंस करूंगा.’
दरअसल, अरविंद केजरीवाल ने ऐसे वक्त में यह आशंका जाहिर की है, जब दिल्ली सरकार की ओर से शुरू की गई महिला सम्मान योजना और संजीवनी योजना को लेकर बवाल हो गया है. दिल्ली स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल कल्याण विभाग ने अलग-अलग पब्लिक नोटिस जारी कर कहा है कि दिल्ली में अभी तक ऐसी कोई योजना नहीं है. ऐसे में कोई भी नागरिक अपनी निजी जानकारी किसी व्यक्ति के साथ साझा न करे.
यह पूरा मामला दिल्ली में तीन दिन पहले महिला सम्मान योजना के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू किए जाने के बाद हुआ है. दिल्ली में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से इस योजना के लिए फॉर्म भरवा रहे हैं. आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने खुद इस योजना की शुरुआत की थी. इस योजना के तहत अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि दिल्ली की मुख्यमंत्री अतिशी की सरकार केंद्र शासित प्रदेश की महिलाओं को हर माह एक हजार रुपये की सहायता करेगी. इसके साथ ही दिल्ली में आप की दोबारा सरकार बनने के साथ इस योजना के तहत सहायता राशि बढ़ाकर 2100 रुपये कर दी जाएगी.








