बीपीएससी अभ्यर्थियों के समर्थन में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पटना के गांधी मैदान में गांधी प्रतिमा के पास आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं. पीके के आमरण अनशन का यह दूसरा दिन है. इस बीच पीके ने न्यूज18 से बातचीत की. प्रशांत किशोर से जब सवाल किया गया कि उनका आमरण अनशन कब तक चलेगा और कब तक बीपीएससी को लेकर फैसला आएगा? तो उन्होंने कहा कि ये तो सरकार पर निर्भर करता है है की कबतक सरकार इसपर निर्णय लेती है. हम तो आमरण अनशन पर बैठे हैं अनिश्चित काल के लिए.
इसके अलावा प्रशांत किशोर ने कहा, ‘बिहार के युवा के साथ छल किया जा रहा है. यह ऐसी बात नहीं है की यह पहली बार हुआ है. ये सरकार बिलकुल उदासीन है. हमने ये संकल्प लिया है की कोई तो इनके साथ खड़े हों. सरकार ने इन युवाओं के साथ गलत किया है. प्रशासन को इतनी चिंता है तो हमें गिरफ्तार करे. व्यवस्था सुधारनी चाहिए.’ बता दें कि बीपीएससी के अभ्यर्थी इससे पहले कई दिन तक धरना दे चुके हैं. छात्रों की मांग है कि हाल ही में हुए बीपीएससी के पेपर को रद्द किया जाए.
प्रशांत किशोर के आमरण अनशन की खबर मिलते ही लगातार उन तक लोगों की भीड़ पहुंच रही है. जानकारी के अनुसार बीपीएससी परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर प्रशांत किशोर सैंकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ गांधी मैदान में मौजूद हैं. वहीं प्रशांत किशोर पर अब एक्शन का दौरान भी शुरू हो गया है.
बीपीएससी (BPSC) छात्रों की मांग के समर्थन में पप्पू यादव ने आज रेल-सड़क चक्का जाम का ऐलान किया है. आज सुबह से ही पप्पू यादव के समर्थक सचिवालय हाल्ट पर पहुंचकर हंगामा करते हुए ट्रेक रोकने का काम कर रहे हैं. वहीं अब पप्पू यादव भी समर्थकों के साथ सचिवालय हाल्ट पहुंच गए हैं. इस दौरान पप्पू यादव ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि बीपीएससी परीक्षा रद्द करने को लेकर सुप्रीम कोर्ट जायेंगे. कपिल सिब्बल से बात हुई है. किसी कीमत पर परीक्षा रद होनी चाहिए. आज रेल ट्रैक जाम है, हाइवे जाम है. डेमोक्रेसी में लोगों को कैसे चेताया जाता है. साढ़े चार लाख बच्चों का भविष्य है. अगर जरूरत पड़ी तो हम शनिवार को बिहार भी बंद करेंगे. यह परीक्षा रद्द होनी चाहिए.
पप्पू यादव के कार्यकर्ता पटरियों पर लेट गए हैं. ट्रेन उसी पटरी पर पहुंची. पुलिस ने हाथ हिलाकर ट्रेन को रुकवाया. पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का मुक्की की स्थिति बन गयी है. पुलिस कार्यकर्ताओं की हटाने में जुटी हुई है. हालांकि अभी तक पप्पू यादव रेल चक्का जाम में नहीं पहुंचे हैं. लेकिन, पप्पू यादव के समर्थक लगातार नारेबाजी कर रहे हैं. पुलिस जबरन खींचकर कार्यकर्ताओं को हटा रही है. पप्पू यादव के समर्थक फिर पटरी पर पहुंचे. ट्रेन के पहुंचते ही समर्थक पटरी पर उतर गए. पुलिस ने फिर से समर्थकों को हटाया है.
इधर बिहार लोक सेवा आयोग की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता (प्रारंभिक) परीक्षा 13 दिसंबर को आयोजित की गई थी. अभ्यर्थी परीक्षा में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए इसे दोबारा कराने की मांग कर रहे हैं. हालांकि आयोग ने सिर्फ पटना के बापू परीक्षा परिसर केंद्र पर हुई परीक्षा रद्द करके उसे 4 जनवरी को दोबारा कराने का फैसला लिया है. इसका एडमिट कार्ड भी जारी कर दिया गया है. इस केंद्र पर करीब 12000 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी. अब इन अभ्यर्थियों की परीक्षा 4 जनवरी को पटना में ही किसी अन्य केंद्र पर होगी.








