अभ्यर्थियों का धरना-प्रदर्शन और राजनीति बयानों के बीच बुधवार को BPSC ने 70वीं PT परीक्षा का अंतरिम आंसर की जारी कर दिया है। वहीं, आयोग अपने फैसले पर कायम है। वो किसी भी स्थिति में इस परीक्षा को रद्द नहीं करेगा।
वहीं, 70वीं पीटी परीक्षा को रद्द करवाने को लेकर जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पिछले 7 दिनों से अनशन पर हैं। पीके ने कहा है ‘कुछ भी हो मांग पूरी होने तक लड़ेंगे।’ इसके साथ ही सांसद पप्पू यादव ने 12 जनवरी को बिहार बंद का ऐलान किया है।
आयोग ने आंसर की को लेकर अभ्यर्थियों से दावा आपत्ति मांगी है। इसके लिए 16 जनवरी तक का समय कैंडिडेट को दिया गया है। इसके बाद फाइनल आंसर की जारी की जाएगी। अभ्यर्थी बीपीएससी की वेबसाइट www.bpsc.nic.in पर जाकर आंसर की देख सकते हैं।
जनवरी के अंत में BPSC पीटी का रिजल्ट
4 जनवरी को बापू परीक्षा परिसर में बीपीएससी 70वीं की पीटी की कैंसिल की गई परीक्षा ली गई है। यह परीक्षा 22 केन्द्रों पर हुई। परीक्षा के दौरान ही बीपीएससी ने ऐलान किया कि जनवरी के अंतिम सप्ताह में पीटी का रिजल्ट आएगा। मेन्स की परीक्षा अप्रैल में होगी।
परीक्षा रद्द करवाने को लेकर आमरण अनशन पर PK
बीपीएससी 70वीं पीटी परीक्षा रद्द करवाने समेत अन्य मांगों को लेकर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर का आमरण अनशन जारी है। आज 7वां दिन है। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मंगलवार को मेदांता अस्पताल के ICU वार्ड में एडमिट कराया गया था।
इसके बाद भी उनका अनशन जारी है। बुधवार को BPSC कैंडिडेट्स प्रशांत किशोर से मिलने पहुंचे। उन्होंने PK से अनशन खत्म करने की अपील की। प्रशांत ने अभ्यर्थियों से कहा कि मांगे पूरी होने तक अनशन जारी रहेगा।
पटना हाईकोर्ट जाएगी जनसुराज
BPSC पीटी परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर जनसुराज पार्टी पटना हाईकोर्ट में याचिका दायर करेगी। उनके वकील का कहना है कि सीधा सुप्रीम कोर्ट जाएंगे तो याचिका खारिज कर दी जाएगी। ऐसे में पहले पटना पटना हाईकोर्ट में जाना सही रहेगा।
इससे पहले मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में BPSC परीक्षा रद्द करने की याचिका पर सुनवाई हुई। कोर्ट ने याचिकाकर्ता को पटना हाईकोर्ट जाने को कहा था।
12 जनवरी को बिहार बंद का ऐलान
पप्पू यादव ने BPSC PT की परीक्षा रद्द करने की मांग को रखते हुए 12 जनवरी को बिहार बंद का ऐलान किया है। साथ ही विपक्ष के सभी पार्टियों को भी शामिल होने का आमंत्रण दिया है। पप्पू यादव ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि बिहार बंद में विपक्ष के सभी दलों को शामिल होना चाहिए ।
पप्पू यादव ने कहा था कि बिहार बंद में अगर तेजस्वी यादव शामिल होते हैं, तो उनके नेतृत्व में हम चलने के लिए तैयार है। बता दे कि बीते दिन मंगलवार को पप्पू यादव ने बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाक़ात की थी। इस दौरान उन्होंने BPSC 70वीं प्री परीक्षा रद्द करने की मांग को रखते हुए ज्ञापन सौंपा था।








