आज बुधवार शेयर बाजार में हल्की तेजी देखने को मिली. कारोबार के आखिरी सत्र में बीएसई का सूचकांक सेंसेक्स 566.63 अंक की बढ़त के साथ 76,404.99 पर बंद हुआ जो कि 0.74% की बड़ी बढ़त है. वहीं निफ्टी 0.57% की बढ़त के साथ भी 130.70 अंक बढ़कर 23,155.35 पर क्लोज हुआ.
आज की इस तेजी में इंफोसिस, एचडीएफसी बैंक और टीसीएस जैसे दिग्गज शेयरों का बड़ा योगदान रहा, जिनमें मजबूत खरीदारी देखी गई. इसके अलावा, फार्मा स्टॉक ने भी बाजार में तेजी को सपोर्ट दिया.
मिडकैप और स्मॉलकैप में गिरावट आज के सत्र में मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में दबाव देखने को मिला. निफ्टी मिडकैप 100 सूचकांक 1.34% गिरकर 53,113.50 पर बंद हुआ, जबकि बीएसई स्मॉलकैप इंडेक्स 1.56% गिरकर 50,906.76 पर आ गया.
सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 कंपनियों में से इंफोसिस, सन फार्मास्युटिकल, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, आईटीसी, टाइटन, टेक महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल और बजाज फाइनेंस के शेयर फायदे में रहे। हालांकि, दूसरी ओर आज भी मिड कैप और स्मॉल कैप स्टॉक्स की भयंकर पिटाई हुई। कारोबार के दौरान एक समय मिड कैप इंडेक्स 1500 अंक तक टूट गया लेकिन बाद में रिकवरी आई। बाजार बंद होने पर मिडकैप इंडेक्स 516.19 अंक गिरकर बंद हुआ।
विदेशी निवेशकों की बिकवाली
वैश्विक बाजारों में मिले-जुले रुख के बीच सेंसेक्स और निफ्टी ने बुधवार को हरे निशान के साथ खुला था। एशियाई बाजारों में जापान का निक्की और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी फायदे में रहे, जबकि चीन का शंघाई कम्पोजिट तथा हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे। अमेरिकी बाजार मंगलवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.06 प्रतिशत चढ़कर 79.34 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 5,920.28 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।








