दिल्ली में विधानसभा चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन है। सभी पार्टियां शाम 5 बजे तक प्रचार कर पाएंगी। दिल्ली की सभी 70 सीटों पर 5 फरवरी को एक चरण में वोटिंग होगी।
आज भाजपा की तरफ से अमित शाह और जेपी नड्डा मिलकर 5 रैलियां करेंगे। वहीं आम आदमी पार्टी की तरफ से अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह और भगवंत मान मिलकर 3 जनसभा और 6 रोड शो करेंगे। दिल्ली के जंगपुरा, बिजवासन और द्वारका में आज गृह मंत्री अमित शाह चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। वहीं अरविंद केजरीवाल डोर-टू-डोर कैंपेन जारी रखेंगे। प्रचार के आखिरी दिन कोई भी पार्टी प्रचार में कसर नहीं छोड़ेगा।
आप की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि दिल्ली की जनता ने मन बना लिया है कि वो सकारात्मक एजेंडे वाली पार्टी को वोट देंगे, जिसके पास शिक्षित सीएम चेहरा हो, वो उसे वोट देंगे जिसने देश में सबसे सस्ती बिजली दी, 24 घंटे मुफ्त बिजली दी, जो बीजेपी अपने 20 राज्यों में से किसी में नहीं कर पाई। दिल्ली की जनता जानती है कि अरविंद केजरीवाल ने उन्हें दिल्ली में ऐसा मॉडल दिया है जिसमें सबसे कम महंगाई है, सबसे कम बेरोजगारी है।
वोटिंग के दौरान एग्जिट पोल बैन, चुनाव आयोग ने जारी किया नोटिफिकेशन
चुनाव आयोग ने नोटिफिकेशन जारी करते हुए 5 फरवरी को वोटिंग के दौरान किसी भी तरह के एग्जिट पोल पर बैन लगा दिया है। सोमवार को जारी नोटिफिकेशन में चुनाव आयोग ने लिखा- 5 फरवरी को सुबह 7 बजे से शाम 6.30 बजे के बीच एग्जिट पोल पूरी तरह से बैन रहेगा। शाम 6.30 बजे के बाद मीडिया एग्जिट पोल दिखा सकती है।
भाजपा नेता बोले- केजरीवाल ने तो दिल्ली को वेनिस बनाने का वादा किया था
अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली को वेनिस बनाने का वादा किया था, लेकिन ‘पानी तो हमारे सर के ऊपर से बह रहा है। ये पानी की पाइपें यहां हर घर में पानी की आपूर्ति कर रही हैं… उनके सहयोगियों और दोस्तों के फार्महाउसों में टैंकर माफियाओं को बैठाया गया है। उन माफियाओं ने भूजल को बोर कर दिया है जो यहां घरों में आपूर्ति किया जा रहा है। हर घर में एक निजी मीटर लगा है और जो बिल बनता है वह ठेकेदार के माध्यम से सीधे अरविंद केजरीवाल के पास जाता है। यह जल बोर्ड का पानी नहीं है, यह निजी आपूर्ति है।
केजरीवाल ने चुनाव आयोग की तुलना कुंभकरण से की
दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने चुनाव आयोग की तुलना कुंभकरण से की है। उन्होंने X पोस्ट में लिखा, ‘रामायण में लिखा है कि कुंभकरण 6 महीने सोता था, और फिर 6 महीने जागता था। चुनाव आयोग तो शायद जागता ही नहीं है। उनकी ये टिप्पणी AAP की प्रचार वैन पर हुए हमले पर आई।
दरअसल, रविवार दोपहर नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में AAP की प्रचार वैन पर कुछ लोगों ने हमला किया। इसके बाद AAP ने हमले का आरोप भाजपा पर लगाया। AAP ने हमले का वीडियो भी जारी किया। AAP प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने दावा किया कि इस वीडियो में हमला करने वाले दो लोगों का नाम रोहित त्यागी और शैंकी हैं, ये वही हैं जिन्होंने 18 जनवरी को अरविंद केजरीवाल की गाड़ी पर पत्थर से हमला किया था। AAP नेता जैसमीन शाह ने कहा- वीडियो में साफ देख सकते हैं कि भाजपा के गुंडों ने पुलिस की मौजूदगी में हमला किया। जब तोड़फोड़ कर ली जाती है तो पुलिस वाला गुंडों से कहता है- अब जाओ, आपका काम हो गया।
प्रवेश वर्मा बोले- तालकटोरा स्टेडियम का नाम बदलकर महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा जाएगा
नई दिल्ली से भाजपा प्रत्याशी प्रवेश वर्मा ने भाजपा की सरकार बनने पर तालकटोरा स्टेडियम का नाम बदलने का ऐलान किया। वर्मा ने कहा कि- तालकटोरा स्टेडियम का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा जाएगा।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा- दिल्ली की जनता को केजरीवाल की फर्जी गारंटी से मुक्ति मिलेगी और पीएम मोदी के विश्वसनीय नेतृत्व में एक अच्छी सरकार मिलेगी।हर दिल्लीवासी अब भाजपा के नेतृत्व में दिल्ली में डबल इंजन की सरकार चुनने के लिए उत्सुक है।
गोयल ने कहा- भाजपा की जीत अब लगभग तय लग रही है। प्रधानमंत्री ने बजट में मध्यम वर्ग को बहुत बड़ी सौगात दी है। मध्यम वर्ग को टैक्स के बोझ से मुक्त कर दिया गया है।
आंध्र प्रदेश के CM एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा- दिल्ली में नाले के पानी और पीने के पानी में कोई फर्क नहीं है। क्या AAP सोच सकते हैं कि आप पार्टी के पास दो राज्य हैं- दिल्ली और पंजाब? क्या AAP सरकार पूरी तरह से विफल मॉडल नहीं है? उन्होंने कहा- यह मॉडल देश के लिए अच्छा नहीं है। हमें अभी से इस बात पर बहस करनी होगी कि अगर कोई राजनेता संपत्ति बनाता है, तो केवल वे ही संपत्ति के वितरण के बारे में बात कर सकते हैं। यह वह बहस है जिस पर दिल्ली चुनावों में चर्चा होनी चाहिए।
HC ने फ्री स्कीम्स पर लगाई गई याचिका पर तत्काल सुनवाई करने से मना किया
दिल्ली हाईकोर्ट ने दिल्ली चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की फ्री स्कीम्स के वादों पर लगाई गई याचिका पर तत्काल सुनवाई करने से मना कर दिया है। याचिकाकर्ता ने इस मामले में सुनवाई सोमवार दो बजे लिस्टेड करने की मांग की थी।
मुख्य न्यायाधीश डी के उपाध्याय और न्यायमूर्ति तुषार राव गेडेला की बैंच ने कहा- कल चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। फ्री स्कीम्स का जो भी प्रभाव होना था वह पहले ही हो चुका है।








