भारत ऑस्ट्रेलिया को हरा कर ICC चैंपियन्स ट्राफी के फाइनल में पहुंच गया है। टीम इंडिया का प्रदर्शन ज़बरदस्त था। विराट कोहली ने शानदार बैटिंग की जिसकी वजह से भारत ने 48वें ओवर मे ही विजय हासिल कर लिया। विराट कोहली ने फिर दिखा दिया कि उन्हें चेज़ मास्टर क्यों कहा जाता है। कोहली सेंचुरी से तो चूक गए लेकिन उन्होंने जिस तरह 84 रन की संयमित पारी खेली, उसकी जितनी तारीफ की जाए कम है। विराट कोहली ने सिंग्ल्स और डबल्स लेकर एक छोर थामे रखा, जिससे बाकी बैट्समेन खुलकर खेल सके। सिर्फ एक ही बार उन्होंने Rash Shot खेला और 84 रन पर आउट हो गए। कोहली जिस ओवर में आउट हुए, उस ओवर में के एल राहुल एक सिक्सर मार चुके थे। यही वजह है कि आउट होने के बाद जब कोहली वापस जा रहे थे, तब राहुल ने उनसे कहा कि वो एक सिक्स मार चुके थे। कोहली को रिस्की शॉट खेलने की ज़रूरत नहीं थी। कोहली के अलावा श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल ने भी जीत में अहम भूमिका निभाई। रोहित शर्मा ने 28 रन बनाए, श्रेयस ने 45 रन की पारी खेली, अक्षर पटेल ने 27 रन जोड़े, हार्दिक पांड्या ने भी ताबडतोड़ बल्लेबाजी की और 28 रन बनाए। आखिर में विनिंग शॉट के एल राहुल के बल्ले से आया। के एल राहुल ने छक्का लगाकर भारत को फाइनल में पहुंचा दिया। के एल राहुल 40 रन पर नाबाद रहे। अब 9 मार्च को फाइनल दुबई में होगा। चैंपियंस ट्रॉफी में विराट कोहली ने इतिहास रचा है। विराट भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने शिखर धवन के 701 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। इसके अलावा विराट ने ODI में चेज करते हुए 8 हजार रन पूरे किए। साथ ही विराट ICC वनडे इवेंट में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले ये रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था। सचिन ने 58 पारियों में 23 बार ये कारनामा किया था, वहीं विराट ने अब 53 पारियों में 24 बार 50 प्लस स्कोर बना दिया है। विराट ने 5वीं बार नॉकआउट में फिफ्टी प्लस का स्कोर बनाया है।
भारत ने चैंपियन्स ट्रॉफी में जबरदस्त फरफॉर्म किया है। वरूण चक्रवर्ती टीम में नए हैं लेकिन उन्होंने अपनी घूमती हुई गेंदों से विरोधी टीम्स के बड़े बड़े खिलाडियों को चक्कर में डाल दिया। चैंपियन्स ट्रॉफी में जितने सीनियर खिलाड़ी हैं, वे सब फॉर्म में लौट आए हैं। रोहित शर्मा ने सेंचुरी लगाई, विराट कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ लास्ट बॉल पर चौका लगाकर सेंचुरी बनाई, सेमीफाइनल में सेंचुरी से चूक गए, लेकिन विराट ने जबरदस्त वापसी की है। मोहम्मद शमी और कुलदीप यादव की गेंदबाजी भी जबरदस्त रही। हमारी टीम का जो फॉर्म है, जो परफॉर्मेंस हैं, उसे देखते हुए ये तय है कि हमारी टीम चैंपियन बनकर लौटेगी, चैंपियन्स ट्रॉफी लेकर आएगी।








