बिहार विधानसभा में आज 9 विभागों का बजट पेश किया जाएगा। सदन में लंच के बाद वित्तीय वर्ष 2025-26 के खर्च की मांग और अनुदान पर चर्चा होगी। इस दौरान 9 विभाग के बजट पर चर्चा और वोटिंग कराई जाएगी। प्रभारी मंत्री अपने बजट को पास कराएंगे।
जल संसाधन विभाग, लघु जल संसाधन विभाग, सूचना और जन संपर्क विभाग, सामान्य प्रशासन विभाग, मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, निर्वाचन विभाग एवं निगरानी विभाग के खर्च पर चर्चा के साथ वोटिंग कराई जाएगी।
सत्र की शुरुआत शॉर्ट नोटिस और सेलेक्टेड प्रश्नों और जवाब से होगी। विधायक अजय कुमार, समीर कुमार महासेठ और अन्य पांच विधायक के सवाल पर ग्रामीण विकास विभाग मंत्री जवाब देंगे।
विधायक कुंदन कुमार, शंकर सिंह और अन्य दो सदस्यों के ध्यानाकर्षण सूचना और उसपर सरकार का जवाब प्रभारी मंत्रिमंडल सचिवालय मंत्री देंगे।
वहीं, बीजेपी विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल के बयान पर विपक्ष हमलावर है। हालांकि, बचौल के बयान से जदयू ने किनारा कर लिया है। इसके बावजूद विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी में है। बचौल ने सोमवार को कहा था कि ‘जुमे के दिन ही होली है। इस स्थिति में मुसलमान अपने घर से नहीं निकले।’
होली और मुसलमान पर घमासान
बिहार विधानमंडल के बजट सत्र के दौरान बीजेपी विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल के बयान पर राजनीति गरमा गई है। दरअसल, सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले बीजेपी विधायक हरिभूषण बचौल ने कहा- ‘साल में 52 जुमा आता है, जबकि होली एक बार ही आती है।
होली के दिन मुस्लिम घर से बाहर न निकलें। अगर उनका दिल बड़ा हो और रंग लग जाने पर बुरा न मानें, तभी बाहर निकलें। रंग बेचने से परहेज नहीं तो रंग लगाने से परहेज क्यों।
एक मुसलमान की रक्षा पांच-छह हिन्दू करेंगे: तेजस्वी
भाजपा विधायक के इस बयान पर पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने कहा- ‘अगर प्रधानमंत्री में हिम्मत है तो पूरे देश से मुस्लिम को भगाकर दिखाएं। बिहार की जनता यहां से बीजेपी को भगाएगी। भाजपा के लोग संस्कारहीन हैं, मुसलमान लोगों ने किसका क्या बिगाड़ा है।’
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि ‘उनके कहने से मुसलमान नहीं निकलेंगे। उनके पिता का राज है क्या। यह बिहार है। बचौल समझ लो। एक मुसलमान की रक्षा पांच-छह हिन्दू करेंगे। जब तक हमारी पार्टी में लालू को मानने वाले लोग हैं। संविधान है। यह नहीं होने देंगे।’
वहीं जदयू कोटे से मंत्री श्रवण कुमार ने कहा- जिनकी त्योहार में आस्था है, उनको वैसे मनाना चाहिए। सब मिल जुलकर त्योहार मनाएंगे। यही ज्यादा अच्छा होगा। अपनी इच्छा के अनुसार लोग धर्म और त्योहार को चुनते हैं। खुशियां मनाते हैं।’
विधान परिषद में विनियोग विधेयक-2025 पर होगी चर्चा
वहीं, विधान परिषद में मंगलवार को प्रश्नोत्तर के अलावा बिहार में उद्योग नीति में जरूरी बदलाव करने समेत कई चीजों पर ध्यानाकर्षण लाया जाएगा। राज्य सरकार से संबंधित ए.एन.एम और जीएनएम संस्थानों में टीचर्स-स्टूडेंट के लिए बायोमैट्रिक अटेंडेंस दर्ज कराने, नर्सिंग काउंसिल में भ्रष्टाचार की जांच कराने से संबंधित ध्यानाकर्षण पर भी सरकार अपनी बात रखेगी।
वित्तीय वर्ष 2024-25 की तृतीय अनुपूरक व्यय-विवरणी पर सामान्य वाद-विवाद और सरकार का उत्तर होगा। विधानसभा के पारित बिहार विनियोग विधेयक, 2025 पर विचार होगा और उसे पारित किया जाएगा।








