स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा के खिलाफ महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में सोमवार सुबह FIR दर्ज की गई है। मुंबई पुलिस ने कामरा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 353(1)(b) (सार्वजनिक अशांति भड़काने वाले बयान) और धारा 356(2) (मानहानि) के तहत केस दर्ज किया है।
दरअसल, कामरा का महाराष्ट्र की राजनीति पर बनाया गया वीडियो विवादों में आ गया है। वीडियो में कुणाल ने बिना नाम लिए डिप्टी CM एकनाथ शिंदे का मजाक उड़ाया था।
रविवार को वीडियो सामने आने के बाद शिंदे गुट के शिवसेना कार्यकर्ता भड़क गए। देर रात भारी संख्या में समर्थक मुंबई के खार स्थित द यूनिकॉन्टिनेंटल ऑफिस पहुंचे। दावा किया जा रहा है कि यहीं पर वीडियो शूट हुआ था।
शिवसेना समर्थकों ने स्टूडियो में तोड़फोड़ की। इसके बाद शिकायत दर्ज कराने के लिए खार पुलिस स्टेशन पहुंचे। उनकी मांग है कि कुणाल कामरा को तुरंत अरेस्ट किया जाए।
40 शिवसेना कार्यकर्ताओं पर कामरा के शो के स्टूडियो और होटल में तोड़फोड़ करने का मामला दर्ज किया गया है।
कुणाल कामरा के गाने के बोल, जिस पर विवाद हुआ…
ठाणे की रिक्शा चेहरे पर दाढ़ी, आंखों पर चश्मा हाय !
एक झलक दिखलाए कभी, गुवाहाटी में छुप जाए।
मेरी नजर से तुम देखो गद्दार नजर वो आए
ठाणे की रिक्शा, चेहरे पर दाढ़ी , आंखों ओआ चश्मा हाय।
मंत्री नहीं है वो दल बदलू हैं और कहा क्या जाए, जिस थाली में खाये उसमें ही वो छेद कर जाए।
मंत्रालय से ज्यादा फडणवीस की गोदी में मिल जाए।
तीर कमान मिला है इसको बाप मेरा ये चाहे।
ठाणे की रिक्शा चेहरे पर दाढ़ी, आंखों पर चश्मा हाय !
शिंदे को तंज कसते हुए गद्दार, दल बदलू बताया
दरअसल, गाने की शुरुआत में ही डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के लुक को बताया गया है। फिर उनके शिवसेना से बगावत कर विधायकों के साथ गुवाहाटी जाने की बात कही है। इसके अलावा उनके रिक्शा (ऑटो रिक्शा) चलाने और ठाणे के होने का जिक्र है। शिंदे ठाणे के रहने वाले हैं और पहले ऑटो रिक्शा चलाते थे। वहीं, शिंदे को गद्दार, दलबदलू और फडणवीस की गोद में बैठने वाला बताया है।
शिंदे गुट के प्रवक्ता बोले- शिवसेना स्टाइल में ट्रीटमेंट करेंगे शिंदे गुट के प्रवक्ता कृष्णा हेगड़े ने कहा- मुंबई पुलिस तुरंत कुणाल कामरा को गिरफ्तार करे। उपमुख्यमंत्री को लेकर इस तरह शब्दों का इस्तेमाल कतई बर्दाश्त नही करेगी। हम शिवसेना की स्टाइल में ट्रीटमेंट करेंगे।
राउत ने कहा- एक गाने से मिर्ची लग गई, देवेंद्र जी कमजोर गृहमंत्री इस पूरे विवाद पर शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने सोशल मीडिया X पर पोस्ट किया, कुणाल कामरा एक जाने-माने लेखक और स्टैंडअप कॉमेडियन हैं। कुणाल ने महाराष्ट्र की राजनीति पर एक व्यंग्यात्मक गाना लिखा तो शिंदे गैंग को मिर्ची लग गई। उनके लोगों ने कामरा का स्टूडियो तोड दिया। देवेंद्र जी, आप कमजोर गृहमंत्री हो!
शिंदे गुट के सांसद बोले- कुणाल को पूरे हिंदुस्तान में घूमने नहीं देंगे शिवसेना सांसद नरेश म्हास्के ने कहा- कुणाल कामरा, आपको महाराष्ट्र ही नहीं, पूरे हिंदुस्तान में घूमने नहीं देंगे। आप UBT गुट और संजय राउत से पैसे लेकर एकनाथ शिंदे पर कमेंट कर रहे हैं। हम बाल ठाकरे के शिवसैनिक हैं, अगर आपके पीछे लग गए न तो भारत छोड़कर भागना पड़ेगा।








