चमोली में चार धाम यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर रोका गया है. बद्रीनाथ, पांडुकेश्वर, चमोली, जोशीमठ ,कर्णप्रयाग में सभी यात्री रोके गये हैं. पीपलकोटी में भी कुछ तीर्थयात्री रोके गए हैं. लगातार हो रही है बारिश के बाद यात्रा रोकने का फैसला लिया गया है. तीर्थ यात्रियों के जोशीमठ से आगे नहीं जाने दिया जाएगा. लैंडस्लाइड की वजह से जगह-जगह यात्री फंस रहे हैं. पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने जानकारी दी है. इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा मौसम पूर्वानुमान भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. चारधाम यात्रा को अगले 24 घंटों के लिए रोका गया है. जनपद में तीर्थ यात्रियों को सुरक्षित स्थानों में रुकवाने के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को हरिद्वार, ऋषिकेश, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, सोनप्रयाग और विकासनगर में तीर्थयात्रियों को रोकने के निर्देश दिए गए हैं.
वहीं पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश से गंगा का जलस्तर बढ़ गया है. ऋषिकेश में गंगा वार्निग लेबल से 65 सेंटीमीटर नीचे बह रही हैं. प्रमुख घाटों तक गंगा जी का पानी पहुंच गया है. प्रमुख गंगा घाटों के प्लेटफॉर्म जल में डूबने लगे हैं, जिससे मैदानी इलाकों में गंगा बढ़ा जल मुसीबत बढ़ा सकता है. वहीं देर रात से हो रही भारी बारिश के चलते रुद्रप्रयाग जिले कई जगह भारी नुकसान हुआ है. जखोली के बांगर क्षेत्र में बारिश से जमकर तबाही हुई है.
बांगर पट्टी की आवाजाही वाले मुख्य मयाली-रणधार मोटरमार्ग पर पोंठी और मुन्याघर के बीच में स्थित मोटरपुल बह गया है. पूरी पट्टी की आवाजाही बंद हो गयी है और लोग घरों में कैद हो गये हैं. इसके अलावा क्षेत्र के जखवाड़ी तल्ली थापला में भी नुकसान हुआ है. वहीं तहसील मुख्यालय बसुकेदार के क्यार्क बरसूड़ी के नजदीक बिजली गिरने से गुप्तकाशी जखोली मोटर मार्ग का लगभग बीस मीटर हिस्सा वासआउट जो गया, जिससे सड़क बाधित हो गयी है. उधर जखोली ब्लॉक के कंडाली गाँव के उपर खेतो मे बड़े बड़े बोल्डर आ गए, गनीमत रही वह खेतो के उपर अटक गए वरना भरी नुकसान हो सकता था.








