उत्तराखंड के हरिद्वार में स्थित प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में रविवार सुबह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई, जिसमें अब तक 6 लोगों की मौत हो गई. हादसे में 35 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. राहत और बचाव के लिए SDRF की तीन टीमें हरिद्वार स्थित मंदिर भेजी गई हैं. वहीं राज्य सरकार की तरफ से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह हादसा सुबह दर्शन के समय हुआ, जब मंदिर परिसर में अचानक भीड़ का दबाव बढ़ गया. कई लोग फिसलकर गिर गए और उनके ऊपर अन्य श्रद्धालु चढ़ते चले गए. मंदिर प्रशासन और पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया.
हादसे के समय मंदिर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे, जो दर्शन के लिए दूर-दराज से आए थे. पुलिस ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है, लेकिन हादसे के कारण पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल दिखा.
सीएम धामी ने किया मुआवजे का ऐलान
पीएम मोदी ने जताया दुख
उन सीढ़ियों के पास रेलिंग में… मनसा देवी मंदिर हादसा क्यों हुआ?
हरिद्वार के प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में रविवार सुबह अचानक से भगदड़ मच गई. इस हादसे में कम से कम 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि करीब 35 लोग घायल हुए हैं. इन घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना उस समय हुई जब मंदिर के मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा हो गई थी.
मनसा देवी मंदिर में मची भगदड़ को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि भगदड़ की शुरुआत अफवाह से हुई. उन्होंने कहा, ‘हमें कुछ लोगों के घायल होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू शुरू किया. करीब 35 लोगों को अस्पताल लाया गया, जिनमें से 6 की मौत की पुष्टि हुई है. बाकी का इलाज जारी है.’
करंट लगने की अफवाह से मची भगदड़
उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि हादसे की वजह सीढ़ियों से 100 मीटर नीचे एक रेलिंग के पास बिजली का करंट लगने की अफवाह थी. SSP डोभाल ने कहा, ‘जैसे ही भीड़ में यह अफवाह फैली कि रेलिंग में करंट दौड़ गया है, श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई. लोग इधर-उधर भागने लगे और कई लोग सीढ़ियों पर गिर पड़े.’
घटनास्थल पर मौजूद एक घायल महिला श्रद्धालु ने बताया, ”अचानक भीड़ बहुत ज्यादा हो गई और भगदड़ मच गई. इसी बीच मैं नीचे गिर गई और मेरा हाथ टूट गया.’
गढ़वाल मंडल के आयुक्त विनय शंकर पांडे ने भी हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि वे मौके के लिए रवाना हो चुके हैं और घटना की विस्तृत जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा, ‘हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर मार्ग में भगदड़ मचने का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ है. उत्तराखंड एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं. इस संबंध में निरंतर स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूं और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. माता रानी से सभी श्रद्धालुओं के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं.’








