इजराइली सेना ने बुधवार को लेबनान में सैकड़ों मिसाइलों से हमला किया, जिसमें 254 लोगों की मौत हो गई। लेबनान की सिविल डिफेंस एजेंसी के मुताबिक, इस एयर स्ट्राइक में कम से कम 1,165 लोग घायल हुए। इसके बाद देश में राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है।
हमले बेरूत, बेक्का वैली, माउंट लेबनान, सैदोन और दक्षिण लेबनान के कई गांवों में किए गए। यह हमला उसी दिन हुआ, जब अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच दो हफ्ते के सीजफायर का ऐलान किया गया था।
इजराइली सेना ने कहा कि यह हमला 2 मार्च से शुरू किए गए उनके नए सैन्य ऑपरेशन के बाद लेबनान पर अब तक का सबसे बड़ा हमला था। सेना के मुताबिक, इसमें हिजबुल्लाह के 100 से ज्यादा कमांड सेंटर और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया।
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि लेबनान अमेरिका-ईरान सीजफायर का हिस्सा नहीं है। वहीं, मध्यस्थ पाकिस्तान का कहना है कि इस सीजफायर में लेबनान भी शामिल है। दूसरी तरफ, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि लेबनान इस समझौते से अलग है और इसका हिस्सा नहीं है।
वहीं ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि अमेरिका को तय करना होगा कि वह सीजफायर लागू करता है या इजराइल के जरिए जंग जारी रखता है, क्योंकि दोनों साथ नहीं चल सकते।
रिपोर्ट- ईरान होर्मुज से गुजरने वाले टैंकरों पर 1 डॉलर प्रति बैरल टोल लगाया
ईरान होर्मजु स्ट्रेट से गुजरने वाले तेल के जहाजों से हर बैरल पर 1 डॉलर टैक्स लेने की योजना बना रहा है। ईरान यह भुगतान क्रिप्टोकरेंसी में चाहता है। यह खबर फाइनेंशियल टाइम्स ने सूत्रों के हवाले से दी है।
ईरान इस रास्ते से गुजरने वाले हर जहाज पर नजर रखेगा और कंट्रोल करेगा। जहाजों को पहले अपने माल (कार्गो) की जानकारी देनी होगी, उसके बाद ही आगे जाने की इजाजत मिलेगी।
ईरान के अधिकारी हामिद होसैनी ने कहा कि यह इसलिए किया जा रहा है ताकि अमेरिकी सैन्य ठिकानों तक दो हफ्तों में हथियारों की आवाजाही न हो सके। उन्होंने कहा कि जहाजों को जाने दिया जाएगा, लेकिन प्रोसेस में समय लग सकता है क्योंकि ईरान किसी जल्दी में नहीं है।
ईरान में फिर से दूतावास खोलेगा स्पेन
स्पेन अपने तेहरान स्थित दूतावास को फिर से खोलेगा। विदेश मंत्री जोस मैनुअल अल्बारेस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने इसे अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध में शांति की कोशिशों का हिस्सा बताया।
अल्बारेस ने कहा कि उन्होंने स्पेन के राजदूत को निर्देश दिया है कि वे तेहरान वापस जाएं, अपना काम फिर से संभालें और दूतावास को दोबारा खोलें, ताकि स्पेन हर संभव स्तर पर शांति की कोशिशों में हिस्सा ले सके यहां तक कि सीधे ईरान की राजधानी से भी।
इजराइल का दावा- हिजबुल्लाह चीफ के भतीजे को ढेर किया
इजराइल ने दावा किया कि उसने बेरूत में हिजबुल्लाह प्रमुख नईम कासिम के भतीजे अली यूसुफ खारशी को मार गिराया। इजराइली सेना (IDF) के मुताबिक खारशी, नईम कासिम के निजी सचिव और करीबी सलाहकार थे। साथ ही दफ्तर के संचालन और सुरक्षा में अहम भूमिका निभाते थे।
IDF ने बताया कि यह कार्रवाई बेरूत क्षेत्र में टारगेटेड स्ट्राइक के जरिए की गई। रातभर दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के खिलाफ बड़े स्तर पर सैन्य कार्रवाई की गई। इजराइल ने दो अहम क्रॉसिंग पॉइंट्स को निशाना बनाया। इनका इस्तेमाल उत्तरी से दक्षिणी लितानी क्षेत्र में हथियारों की आवाजाही के लिए किया जाता था।
इसके अलावा, करीब 10 हथियार भंडार, लॉन्चर और हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हमले किए गए।
15,400 टन LPG लेकर भारत पहुंचा जहाज ग्रीन आशा
भारतीय झंडे वाला LPG टैंकर ‘ग्रीन आशा’ 15,400 टन गैस लेकर भारत पहुंचा है। होर्मुज स्ट्रेट पार कर यह जहाज गुरुवार को नवी मुंबई के JNP (जवाहरलाल नेहरू पोर्ट) पर डॉक किया।
इससे पहले ‘ग्रीन सांवी’ नाम का एक और भारतीय टैंकर भी होर्मुज पार कर चुका है। केंद्र सरकार ने कहा कि देश में LPG सप्लाई सामान्य और नियंत्रण में है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 5 किलो के फ्री ट्रेड LPG सिलेंडरों की सप्लाई दोगुनी करने के निर्देश दिए हैं। इससे प्रवासी मजदूरों को आसानी से गैस मिल सकेगी।
पेट्रोलियम सचिव पंकज मित्तल ने कहा कि अतिरिक्त सिलेंडर खास तौर पर प्रवासी मजदूरों को वितरित किए जाएंगे। इसमें ऑयल मार्केटिंग कंपनियां सहयोग करेंगी।
पेट्रोलियम मंत्रालय की जॉइंट सेक्रेटरी सुजाता शर्मा ने कहा कि देश में कहीं भी LPG या पेट्रोल की कमी नहीं है। सभी पेट्रोल पंप सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि एक दिन में 6500 टन कमर्शियल LPG की बिक्री हुई। पिछले चार दिनों में 1300 जागरूकता कैंप लगाए गए, जिनमें 10,005 सिलेंडर बेचे गए।
संघर्ष की शुरुआत में होर्मुज क्षेत्र में भारत के 28 जहाज मौजूद थे। इनमें से अब तक 10 जहाज सुरक्षित रूप से पार कर चुके हैं।








