प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पश्चिम बंगाल दौरे का रविवार को दूसरा दिन है। PM आज सिलीगुड़ी में जनसभा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद बंगाल से TMC का जाना तय है। कल मेरे रोड शो में लोगों ने जो प्यार दिखाया, उसे मैं कभी नहीं भूल सकता। आज सिलीगुड़ी की यह जनसभा TMC की नींद उड़ा देगी।
उन्होंने आगे कहा कि TMC ने मदरसों के लिए 6000 करोड़ दिए, लेकिन यहां के विकास के लिए कुछ नहीं किया। वह सिर्फ अपने खास वोट बैंक के लिए पैसे देती है। आपने TMC के निर्मम शासन काल में इतने सालों में पश्चिम बंगाल की बर्बादी देखी है। उन्हें 15 साल का हिसाब देना होगा।
मोदी ने दार्जिलिंग की सभी 5 और जलपाईगुड़ी जिले की सभी 7 सीटों पर भाजपा के उम्मीदवारों के लिए वोट मांगे।
इससे पहले PM ने शनिवार को बंगाल के पूर्व वर्धमान जिले के कटवा, मुर्शिदाबाद के जंगीपुर और दक्षिण दिनाजपुर जिले के कुशमंडी में तीन रैलियों को संबोधित किया था। देर शाम सिलीगुड़ी पहुंचकर PM ने रोड शो किया था।
दार्जिलिंग में BJP मजबूत, जलपाईगुड़ी में मुकाबला
दार्जिलिंग की सभी 5 सीटों पर भाजपा के विधायक हैं। जिले में 66% हिंदू और 24% बौद्ध आबादी है। पहाड़ों पर गोरखा पहचान की राजनीति चलती है, जबकि सिलीगुड़ी जैसे मैदानी इलाकों में शहरी मुद्दे और व्यापार मुख्य हैं।
वहीं, जलपाईगुड़ी की 7 में से 4 सीटों पर TMC और 3 पर BJP के विधायक हैं। राजबंशी और ST समुदाय यहां किंगमेकर रहे हैं। जिले में 82% हिंदू, 13% मुस्लिम और 3% ईसाई आबादी है।
चुनाव राज्यों के बड़े अपडेट्स…
- रिपोर्ट्स के अनुसार, राहुल आज सुबह दिल्ली से चेन्नई एयरपोर्ट आएंगे। फिर श्रीपरंबुदूर में अपने पिता राजीव गांधी के स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे श्रीपरंबुदूर से कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार और रोड शो करेंगे। इसके बाद थूथुकुडी में CM के साथ प्रचार करेंगे।
- कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी रविवार को तमिलनाडु जा सकते हैं। वे मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के साथ थूथुकुडी में चुनाव प्रचार करेंगे। विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद राहुल का यह पहला तमिलनाडु दौरा होगा। पिछले हफ्ते पुडुचेरी जाने के बाद भी वे तमिलनाडु नहीं गए थे।
- TVK प्रमुख विजय आज कन्याकुमारी में छह विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के लिए रैली करेंगे।
- PM ने शनिवार को बंगाल में कहा- बंगाल को चुनौती देने की हिम्मत करने वाले हर व्यक्ति का अहंकार चकनाचूर हो गया है। पहले अंग्रेजों का, फिर कांग्रेस का, और अंत में वामपंथियों का अहंकार भी चकनाचूर हो गया। अब बंगाल की जनता टीएमसी के अहंकार को चकनाचूर कर देगी।
- बंगाल CM ममता ने शनिवार को पश्चिम मेदिनीपुर के केशियारी में रैली के दौरान दावा किया कि भाजपा ने दो झूठे हलफनामे दाखिल कर भवानीपुर से उनकी उम्मीदवारी रद्द कराने की कोशिश की।
मोदी ने कहा- TMC से जनता पाई-पाई का हिसाब मांग रही
सिलीगुड़ी में जनसभा के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल की जनता TMC सरकार से पाई-पाई का हिसाब मांग रही है।
4 मई के बाद भाजपा सरकार बनेगी और TMC के लोगों को 15 साल का पल-पल का हिसाब देना पड़ेगा। पाई-पाई का हिसाब देना होगा।
नॉर्थ बंगाल में TMC की राजनीति हमेशा डर पैदा करने की रही है। लोगों को भयभीत रखना और उनकी उपेक्षा करना यहां आम बात है। यहां राजनीतिक हिंसा होती है, लोगों को डराया-धमकाया जाता है और नेताओं की हत्या तक करवाई जाती है।
पश्चिम बंगाल के बांकुरा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा- दो इंजन वाली भाजपा सरकार दंगाइयों का इलाज करेगी। अगर किसी के पास इन टीएमसी और वामपंथी गुंडों का इलाज है, तो वह भाजपा की दो इंजन वाली सरकार ही है।








