पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण की रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग के बाद अब दूसरे चरण का प्रचार अभियान चरम पर पहुंच गया है. इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है. अमित शाह ने अपने उस विवादित और चर्चित बयान को फिर से दोहराया है जिसमें उन्होंने कहा था कि बंगाल में बीजेपी की सरकार बनते ही ‘गुंडों को उल्टा लटका कर सीधा कर दिया जाएगा’. पश्चिम बंगाल चुनाव के रण में अमित शाह ने ममता बनर्जी को सीधी चुनौती दी है. गुंडों को ‘उल्टा लटकाने’ वाले बयान पर दीदी की कानूनी कार्रवाई की धमकी का जवाब देते हुए शाह ने कहा कि वे अपनी बात पर कायम हैं. गृह मंत्री ने दो टूक शब्दों में दोहराया कि बंगाल की शांति भंग करने वाले अपराधियों को सीधा करना ही उनका संकल्प है.
बंगाल में अमित शाह का ‘रौद्र रूप’, दीदी की FIR की धमकी पर बरसे गृह मंत्री, बोले-‘गुंडों को उल्टा लटका कर ही मानूंगा’
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण की रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग के बाद अब दूसरे चरण का प्रचार अभियान चरम पर पहुंच गया है. इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है. अमित शाह ने अपने उस विवादित और चर्चित बयान को फिर से दोहराया है जिसमें उन्होंने कहा था कि बंगाल में बीजेपी की सरकार बनते ही ‘गुंडों को उल्टा लटका कर सीधा कर दिया जाएगा’
ममता बनर्जी ने अमित शाह के पिछले बयानों को ‘भड़काऊ’ बताते हुए उन पर कानूनी कार्रवाई और एफआईआर करने की चेतावनी दी थी. इसका जवाब देते हुए अमित शाह ने दहाड़ते हुए कहा, “दीदी कह रही हैं कि गुंडों को उल्टा लटकाने की बात पर वह मुझ पर केस करेंगी. दीदी, मैं आज फिर इसी मंच से कहता हूं कि आपके पाले हुए गुंडों को उल्टा लटका कर ही सीधा किया जाएगा. आप जितने चाहे केस कर लीजिए, लेकिन बंगाल की जनता को इन अपराधियों से मुक्ति दिलाना मेरा और बीजेपी का संकल्प है.” शाह के इस बयान के बाद जनसभा में मौजूद भीड़ ने जबरदस्त नारेबाजी की, जिससे चुनावी सरगर्मी और बढ़ गई है.
बंगाल चुनाव के अंतिम चरण में ‘इंडिया गठबंधन’ की एंट्री, ममता के समर्थन में उतरे बड़े नेता
पश्चिम बंगाल में दूसरे और अंतिम चरण के मतदान (29 अप्रैल) से पहले चुनावी मुकाबला चरम पर पहुंच गया है. प्रचार खत्म होने से पहले तृणमूल कांग्रेस के समर्थन में इंडिया गठबंधन के नेता मैदान में उतर गए हैं. अरविंद केजरीवाल कोलकाता में टीएमसी उम्मीदवार के समर्थन में रैली करेंगे और ममता बनर्जी से मुलाकात भी कर सकते हैं. वहीं तेजस्वी यादव और हेमंत सोरेन पहले ही प्रचार में जुट चुके हैं. इन नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में रैलियां कर भाजपा पर निशाना साधा और टीएमसी के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश तेज कर दी है.
कलकत्ता हाईकोर्ट ने 48 घंटे का बाइक बैन रद्द किया
कलकत्ता हाईकोर्ट ने पश्चिम बंगाल चुनाव के दूसरे चरण से पहले चुनाव आयोग के 48 घंटे के बाइक-स्कूटी बैन को खारिज कर दिया. जस्टिस कृष्णा राव ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव के नाम पर आम लोगों की आवाजाही पर पूर्ण रोक उचित नहीं है. कोर्ट ने माना कि आयोग के पास अधिकार हैं, लेकिन उनका उपयोग कानूनी दायरे में होना चाहिए, खासकर जब सुरक्षा के लिए पहले से पर्याप्त बल तैनात है. हालांकि, 29 अप्रैल को सुबह 6 से शाम 6 बजे तक पिलियन राइडिंग पर सीमित रोक रहेगी, जिसमें जरूरी परिस्थितियों में छूट दी गई है. साथ ही, चुनाव से पहले बाइक रैलियों पर प्रतिबंध जारी रहेगा ताकि संभावित हिंसा को रोका जा सके.
टीएमसी का पीएम मोदी को ‘मां कैंटीन’ में खाने का न्योता
तृणमूल कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान ‘मां कैंटीन’ में पांच रुपये का भोजन करने का निमंत्रण दिया. पार्टी प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा कि मोदी को राज्य की जमीनी हकीकत भी देखनी चाहिए. उन्होंने घुसपैठ के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए कहा कि यह गृह मंत्री अमित शाह की जिम्मेदारी है. घोष ने ‘मां कैंटीन’ योजना को गरीबों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए इसकी सराहना की. साथ ही, उन्होंने मोदी के हुगली नदी में नौका विहार और ‘झालमुड़ी’ खाने पर तंज कसते हुए दिल्ली की यमुना की स्थिति पर सवाल उठाए और भाजपा के आरोपों को खारिज किया.
सॉल्टलेक गेस्ट हाउस पर छापा, बाहरी लोगों के ठहरने पर विवाद
विधाननगर से तृणमूल प्रत्याशी सुजीत बोस की शिकायत पर पुलिस ने सॉल्टलेक के एक गेस्ट हाउस में छापेमारी की. आरोप था कि वहां बीजेपी शासित राज्यों से आए बाहरी लोग ठहरे हुए हैं. जांच में छत्तीसगढ़ और ओडिशा से आए आठ लोगों के 17 अप्रैल से ठहरने की जानकारी मिली, जिनमें से तीन को पुलिस ने हिरासत में लिया. गेस्ट हाउस प्रबंधन ने दावा किया कि बुकिंग बीजेपी की ओर से कराई गई थी. बोस ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान गड़बड़ी की साजिश हो सकती है और निष्पक्ष मतदान के लिए गैर-स्थानीय लोगों पर नजर जरूरी है. फिलहाल पुलिस और चुनाव आयोग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं, जबकि भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.
भवानीपुर में रैली को रोकने का प्रयास हुआ, CM ममता का आरोप
ममता बनर्जी ने भवानीपुर में अपनी रैली के दौरान आरोप लगाया कि भाजपा ने पास में तेज संगीत बजाकर उनकी सभा को बाधित किया, जिसके चलते उन्हें भाषण बीच में ही रोकना पड़ा. उन्होंने इसे अलोकतांत्रिक बताते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी और अगले दिन फिर से रैली करने की बात कही. घटना के बाद तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर भाजपा पर आचार संहिता उल्लंघन का आरोप लगाया. वहीं शुभेंदु अधिकारी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ममता की प्रतिक्रिया उनकी संभावित हार की घबराहट को दर्शाती है. उन्होंने दावा किया कि भाजपा को जीत मिलेगी और टीएमसी भी उनकी सभा में बाधा डालने की कोशिश कर रही थी.
भवानीपुर में वोटिंग से पहले पुलिस में फेरबदल, नए थाना प्रभारी बहाल
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच कोलकाता पुलिस ने भवानीपुर क्षेत्र में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है. कालीघाट और अलीपुर थानों में नए ओसी नियुक्त किए गए हैं, जो चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत किए गए हैं. यह क्षेत्र हाई-प्रोफाइल माना जा रहा है, जहां ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी के बीच मुकाबला है. गौतम दास को कालीघाट और सुब्रत पांडेय को अलीपुर थाने की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि अन्य अधिकारियों के भी तबादले हुए हैं. चुनाव आयोग के अनुसार, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के फेरबदल जरूरी होते हैं. दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा.








