हर मतदाता तक पहुंच की तैयारी
चुनाव प्रचार में खूब हुए आरोप-प्रत्यारोप
सुरक्षा और सख्ती का घेरा
बंगाल में चुनावी हलचल के बीच ED का बड़ा एक्शन, 28 लाख नकद और सोना जब्त
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पश्चिम बंगाल में दो अलग-अलग मामलों में छापेमारी कर लगभग 28 लाख रुपये नकद और सोने के आभूषण जब्त किए हैं. यह कार्रवाई कथित अपराध सिंडिकेट और सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) घोटाले से जुड़े मामलों में की गई. ईडी ने बिस्वजीत पोद्दार उर्फ सोना पप्पू से जुड़े नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए कल्याण शुक्ला और संजय कनोडिया के ठिकानों पर छापे मारे, जहां से करीब 10 लाख रुपये नकद, सोना और डिजिटल उपकरण मिले. जांच में बड़े पैमाने पर नकद लेनदेन और राजनीतिक रूप से प्रभावशाली व्यक्तियों से संबंधों के संकेत भी मिले हैं. इसके अलावा PDS घोटाले से जुड़े 11 ठिकानों पर छापेमारी में 18.4 लाख रुपये नकद और कई दस्तावेज बरामद हुए. यह मामला 2020 की एफआईआर से जुड़ा है, जिसमें राशन योजना में गबन के आरोप हैं.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के बाद दक्षिण 24 परगना के गंगासागर का दौरा किया. उन्होंने हुगली नदी और बंगाल की खाड़ी के संगम पर स्थित इस पवित्र स्थल पर भारतीय सेना के वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी और उनके बलिदान को नमन किया. शाह ने कहा कि देश की सुरक्षा में लगे जवानों पर हर भारतीय को गर्व है. इसके बाद उन्होंने कपिलमुनि मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश की समृद्धि और नागरिकों के कल्याण के लिए प्रार्थना की. शाह ने मां गंगा से देश पर कृपा बनाए रखने की कामना भी की और इस स्थान को आध्यात्मिक शांति का प्रतीक बताया. यह दौरा पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से ठीक पहले हुआ, जहां 29 अप्रैल को वोटिंग होनी है और 4 मई को नतीजे आएंगे.
वोटिंग से पहले दहला बंगाल, TMC नेता को सरेआम गोलियों से भूना
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान (29 अप्रैल) से पहले राज्य में हिंसा का तांडव जारी है. ताजा घटना में एक. टीएमसी नेता को अज्ञात बदमाशों ने सरेआम गोली मार दी है. आनन-फानन में उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. तृणमूल कांग्रेस ने इस हमले का आरोप विपक्षी दलों पर लगाया है, जबकि चुनाव आयोग ने मामले की रिपोर्ट तलब की है.
बंगाल वोटिंग के दिन बाइक काफिले पर बैन, हाईकोर्ट का सख्त फैसला
कलकत्ता हाईकोर्ट ने पश्चिम बंगाल में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए बड़ा आदेश जारी किया है. अदालत ने समूह में बाइक यात्रा और मोटरसाइकिल रैली पर पूरी तरह रोक लगा दी है. यह प्रतिबंध मतदान से दो दिन पहले और 29 अप्रैल को मतदान के दिन लागू रहेगा. न्यायमूर्ति शंपा सरकार की खंडपीठ ने पहले के आदेश में संशोधन करते हुए यह सख्त नियम जोड़ा. हालांकि, व्यक्तिगत आवश्यक कार्यों जैसे मेडिकल इमरजेंसी या जरूरी पारिवारिक परिस्थितियों में यात्रा की अनुमति बनी रहेगी. पहले के आदेश में सीमित परिस्थितियों में बाइक पर परिवार के साथ यात्रा की अनुमति थी, लेकिन अब किसी भी तरह की समूह बाइक गतिविधि पर रोक लगा दी गई है. अदालत का कहना है कि यह कदम चुनाव के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए जरूरी है.
बंगाल चुनाव में वोटिंग से पहले 1,543 लोग गिरफ्तार, TMC पार्षद पर भी गिरी गाज
पश्चिम बंगाल में 29 अप्रैल को होने वाले दूसरे चरण के मतदान से पहले कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी कार्रवाई की गई है. अधिकारियों के अनुसार कुल 1,543 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक तृणमूल कांग्रेस पार्षद भी शामिल है. बर्धमान के वार्ड 22 के पार्षद पर भाजपा नेता के घर पर हमले और धमकी देने का आरोप है. वहीं, पूर्व बर्धमान, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, हुगली और नादिया जिलों में भी बड़ी संख्या में गिरफ्तारियां हुई हैं. पार्षद ने आरोपों को खारिज किया है. चुनाव आयोग ने भी निगरानी बढ़ाते हुए वेबकास्टिंग सिस्टम के लिए नए निर्देश जारी किए हैं ताकि मतदान प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनी रहे.
‘दीदी के गुंडों से मत डरो’, चुनाव के बाद 2 महीने तक सुरक्षा बल तैनात रहेंगे; अमित शाह का बड़ा ऐलान
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन कहा कि चुनाव खत्म होने के बाद भी कम से कम दो महीने तक केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात रहेंगे. उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे ‘दीदी के गुंडों’ से बिना डर के मतदान करें. शाह ने दावा किया कि भाजपा सत्ता में आई तो घुसपैठ, हिंसा और भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई होगी. उन्होंने ममता बनर्जी पर वोट बैंक की राजनीति और घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया. शाह ने यूसीसी लागू करने की भी बात दोहराई. प्रचार के दौरान उन्होंने कई रोड शो और रैलियां कीं, जहां भारी भीड़ उमड़ी और जय श्री राम के नारे लगे.
ममता बनर्जी को लेकर वायरल मीम पर चुनाव आयोग ने कार्रवाई के दिए आदेश
पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पहले एक आपत्तिजनक मीम वीडियो के वायरल होने के बाद चुनाव आयोग ने पुलिस से कार्रवाई करने को कहा है. चुनाव आयोग के अधिकारियों के अनुसार, यह मीम वीडियो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को निशाना बनाकर बनाया गया है. हालांकि, अभी तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है, लेकिन मामला सामने आने के बाद आयोग ने पुलिस को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों ने संकेत दिया है कि वीडियो से जुड़े मामले में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के तहत केस दर्ज किया जा सकता है. राज्य में दूसरे चरण का मतदान बुधवार (29 अप्रैल) को होना है.
हावड़ा में ‘चुनावी कर्फ्यू’: वोटिंग से पहले किले में तब्दील हुआ जिला, चप्पे-चप्पे पर पहरा!
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर हावड़ा में लोकतंत्र के महापर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है. बुधवार को होने वाले मतदान के लिए जिले में धारा 163 (पूर्व में धारा 144) लागू कर दी गई है.
आज शाम से ‘नो-गो’ जोन
जिला निर्वाचन अधिकारी पी. दीपप प्रिया के आदेशानुसार, 27 अप्रैल की शाम 6 बजे से मतदान खत्म होने तक पूरे जिले में कड़े प्रतिबंध लागू रहेंगे..इस दौरान किसी भी प्रकार की राजनीतिक रैली, जुलूस या बाहरी प्रचारकों के जिले में ठहरने पर पूर्ण रोक लगा दी गई है.
इन नियमों का करना होगा पालन
भीड़ पर पाबंदी: पांच या उससे अधिक व्यक्तियों का एक साथ जमा होना दंडनीय अपराध माना जाएगा.
हथियार और शोर: पटाखे फोड़ने, लाउडस्पीकर बजाने और हथियार लेकर चलने पर सख्त पाबंदी है.
बूथ की सुरक्षा: मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में किसी भी तरह का प्रचार या मोबाइल का इस्तेमाल वर्जित है.
प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। केवल आवश्यक सेवाओं को ही इस प्रतिबंध से छूट दी गई है.








