जगरण डॉट कॉम (jagran.com) की खबर के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर राज्य सचिवालय ‘नवान्न’ में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने खुद इस बड़ी कार्रवाई की घोषणा की. सीएम ने साफ कहा कि आरजी कर मामले में लापरवाही और ढुलमुल रवैया अपनाने वाले किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा. विनीत गोयल, इंदिरा मुखर्जी और अभिषेक गुप्ता पर कार्रवाई इसी का हिस्सा है.
इस कार्रवाई के बाद पूरे बंगाल पुलिस और प्रशासनिक लॉबी में खलबली मच गई है. तत्कालीन पुलिस कमिश्नर विनीत गोयल पर आरजी कर कांड के समय से ही सवाल उठ रहे थे. अब नई सरकार ने आते ही उनके खिलाफ विभागीय जांच का डंडा चला दिया है. सूत्रों की मानें तो आने वाले दिनों में कुछ और बड़े अफसरों पर भी गाज गिर सकती है.
आपको बता दें कि हालिया विधानसभा चुनाव में आरजी कर कांड की पीड़िता की मां ने बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ा था और शानदार जीत हासिल की थी. चुनाव के दौरान भी यह पूरा मामला बंगाल का सबसे बड़ा राजनीतिक मुद्दा बना रहा. खुद सुवेंदु अधिकारी ने जनता से वादा किया था कि सरकार बनते ही इस मामले में न्याय होगा.
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पहले ही साफ कर दिया है कि आरजी कर कांड की तह तक जाने के लिए एक विशेष जांच आयोग का गठन किया जाएगा. हालांकि, इस आयोग की आधिकारिक घोषणा होना अभी बाकी है. सीएम ने सख्त लहजे में दोहराया कि नई सरकार के राज में महिला सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों और दोषियों को संरक्षण देने वालों की जगह सिर्फ जेल में होगी.








