हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार 25 मई 2026 को भारतीय शेयर बाजार (Share Market) की शुरुआत धमाकेदार रही. सुबह 9:15 बजे जैसे ही बाजार में ट्रेडिंग की शुरु हुई, सेंसेक्स और निफ्टी दोनों रिकॉर्ड मजबूती के साथ खुले.बाजार खुलते ही बीएसई सेंसेक्स 817 अंक से ज्यादा की छलांग लगाकर 76,200 के पार निकल गया, जबकि निफ्टी भी 250 अंकों की तूफानी बढ़त के साथ 23,900 के ऊपर ट्रेड करता दिखा.
अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के खत्म होने और शांति समझौते (US-Iran Peace Deal) की उम्मीदों ने दुनिया भर के निवेशकों में नया जोश भर दिया है. ग्लोबल मार्केट से मिले मजबूत संकेतों के दम पर आज भारतीय शेयर बाजार में रौनक लौट आई है. बाजार में आई इस हरियाली की एक बड़ी वजह कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में आई भारी गिरावट भी है.
दो हफ्ते में पहली बार $100 के नीचे आया कच्चा तेल
अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की उम्मीद का सबसे बड़ा और सीधा असर कच्चे तेल की कीमतों पर पड़ा है. पिछले दो हफ्तों में पहली बार ब्रेंट क्रूड ऑयल (Brent Crude) की कीमतें 4% से ज्यादा टूटकर $99.39 प्रति बैरल पर पर कारोबार कर रहा है. भारत जैसे तेल आयातक देश के लिए कच्चे तेल का $100 से नीचे आना एक बहुत बड़ी राहत मानी जा रही है.
डोनाल्ड ट्रंप के एक बयान से बाजार में तेजी
बाजार में आई इस बंपर तेजी के पीछे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का वह बयान भी है जिसने पूरी दुनिया को राहत दी है. डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि वाशिंगटन और ईरान के बीच एक शांति समझौते के ड्राफ्ट (MOU) पर काफी हद तक बातचीत हो चुकी है. इस समझौते के बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) को दोबारा खोल दिया जाएगा, जहां दुनिया के कुल तेल और एलएनजी (LNG) शिपमेंट का पांचवां हिस्सा (20%) गुजरता है.








