जंतर-मंतर पर शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ CJP का शक्ति प्रदर्शन
कॉकरोच जनता पार्टी’ पर एफआईआर, विदेशी फंडिंग का इस्तेमाल करने का आरोप
दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को हुए बड़े विरोध प्रदर्शन के बाद, युवाओं के नेतृत्व वाले व्यंग्यात्मक संगठन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के खिलाफ़ कथित राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है. यह शिकायत तब दर्ज की गई जब अभिजीत दिपके ने अमेरिका से लौटने के कुछ ही समय बाद दिल्ली में NEET-UG 2026 पेपर लीक और CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) मूल्यांकन प्रक्रिया में गड़बड़ियों को लेकर विरोध प्रदर्शन आयोजित किया; शिकायत में CJP पर विदेशी फंडिंग का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया है.
कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन में हिट लेकर पहुंचा शख्स, बताया टुकड़े-टुकड़े गैंग का एक्सटेंशन
जंतर-मंतर पर आयोजित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन के दौरान उस समय हल्का तनाव पैदा हो गया, जब एक शख्स हाथ में ‘हिट’ स्प्रे लेकर मौके पर पहुंच गया. युवक ने प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच पहुंचकर CJP को कथित तौर पर ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग का विस्तार’ बताया और उसके खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी.
चश्मदीदों के मुताबिक, युवक की टिप्पणी के बाद वहां मौजूद कुछ CJP समर्थकों ने आपत्ति जताई, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते माहौल गरमा गया और हल्की धक्का-मुक्की की स्थिति भी बन गई. स्थिति बिगड़ती देख मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया. पुलिस ने युवक को प्रदर्शन स्थल से अलग किया और वहां मौजूद लोगों को शांत कराया. इसके बाद हालात सामान्य हो गए और प्रदर्शन जारी रहा.
आजादी कुर्बान करने को तैयार था: जंतर-मंतर पर बोले अभिजीत दीपके
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने जंतर-मंतर पर समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि वह दिल्ली आने से पहले हिरासत में लिए जाने की संभावना के लिए पूरी तरह तैयार थे. उन्होंने कहा, ‘दिल्ली में फ्लाइट लैंड होने से ठीक पहले मुझे लगा जैसे यह मेरी आजादी के आखिरी पल हैं.’ दीपके ने आगे कहा, ‘मैं इस मुद्दे के लिए अपनी आजादी कुर्बान करने को तैयार था.’ उन्होंने यह भी कहा कि जेल के डर से कई लोग समझौता कर लेते हैं, लेकिन ‘इस देश के युवा और छात्र बिके नहीं हैं.’ उनके बयान पर प्रदर्शन स्थल पर मौजूद लोगों ने जोरदार तालियां बजाईं.
पोस्ट डिलीट कर सकते हो, हमें नहीं : CJP प्रदर्शन में सरकार पर बरसे अभिजीत दिपके
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी मांगों पर जवाब देने की बजाय आंदोलन की सोशल मीडिया गतिविधियों को दबाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा, ‘एक महीने से हम धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय हमारे अकाउंट हैक करने और पोस्ट हटवाने पर ध्यान दिया जा रहा है.’ दिपके ने आगे कहा, ‘आप हमारी पोस्ट डिलीट कर सकते हैं, लेकिन हमें इस जगह से मिटा नहीं सकते.’ उनके इस बयान पर प्रदर्शन स्थल पर मौजूद समर्थकों ने जोरदार तालियां और नारेबाजी की.








