ईरान और इजरायल के बीच जारी संघर्ष के दौरान एक बड़ी खबर सामने आई है। ईरान ने इजरायल के खिलाफ अपने आक्रामक अभियान को रोक दिया है। ईरानी सेना की संयुक्त कमान के द्वारा ये बयान सामने आया है। ईरानी सेना ने कहा है कि इजरायल और ईरान के बीच गोलाबारी के बाद हम अपने आक्रामक अभियान को रोक रहे हैं। इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भी बयान सामने आया है।
ईरान ने धमकी भी दी
ईरान ने भले ही इजरायल के खिलाफ अपने आक्रामक अभियान को रोक दिया हो लेकिन ईरान ने इजरायल को धमकी भी दी है। ईरान की संयुक्त कमान ने कहा है कि अगर इजरायल या उसके समर्थक दक्षिणी लेबनान सहित अन्य क्षेत्रों में कोई और आक्रामकता और शत्रुतापूर्ण कार्रवाई करते हैं, तो पहले से कहीं अधिक कठोर और दमनकारी कदम उठाए जाएंगे।
राष्ट्रपति ट्रंप ने क्या कहा?
ट्रंप ने लिखा, इस्राइल और ईरान दोनों पक्ष तत्काल युद्धविराम करने की कोशिश कर रहे हैं। अंतिम ‘शांति’ वार्ता जारी है। हालांकि कुछ अड़चनों या मूर्खता के कारण यह प्रभावित हो सकती है। जब तक अंतिम समझौता नहीं हो जाता, नाकाबंदी पूरी तरह लागू और प्रभावी रहेगी। चीजें तेजी से आगे बढ़नी चाहिए। इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद।
ट्रुथ सोशल पर एक अन्य पोस्ट में ट्रंप ने कहा, इस्राइल और ईरान को तत्काल गोलीबारी रोकनी चाहिए।
पश्चिम एशिया में फिर बढ़ा तनाव
पिछले 24 घंटों में पश्चिम एशिया में सैन्य गतिविधियां काफी बढ़ गई हैं। क्षेत्र के कई शहरों में सैन्य कार्रवाई, रणनीतिक ठिकानों पर हवाई हमले और बड़ी संख्या में मिसाइलों तथा प्रक्षेपास्त्रों का इस्तेमाल किया गया है।
संघर्ष का 100वां दिन
पश्चिम एशिया में तनाव उस समय और बढ़ गया, जब सोमवार को इस्राइल और ईरान के बीच फिर से हमले और जवाबी हमले हुए। दोनों देशों के बीच जारी संघर्ष का यह 100वां दिन है, जिससे पहले से ही अस्थायी युद्धविराम पर गंभीर खतरा मंडराने लगा है और पूरे क्षेत्र में बड़ी जंग की आशंका बढ़ गई है।
लाल सागर में सक्रिय हुए हूती लड़ाके
इसी बीच, ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने लाल सागर में इस्राइली जहाजों के आवागमन पर रोक लगाने की घोषणा की है। लाल सागर दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापार मार्गों में से एक माना जाता है। ताजा सैन्य घटनाक्रमों में ईरान के एक पेट्रोकेमिकल संयंत्र पर हमला भी शामिल है। वहीं, ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड ने दावा किया है कि उसने इज़राइल के दो सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है।
इससे पहले, ट्रंप ने कथित तौर पर इस्राइल से तेहरान की ओर से दागी गई मिसाइलों के जवाब में जवाबी कार्रवाई से बचने की अपील की थी। रविवार को इस्राइल ने बेरूत के दक्षिणी उपनगरों में हवाई हमले किए। इसके जवाब में ईरान ने इस्राइल पर हमला किया, जिसके बाद सोमवार को दोनों पक्षों के बीच नए हमले और जवाबी हमले हुए।








