2016 के विधानसभा चुनाव में पराजित प्रत्याशी 2026 में विजेता करार …………….

भारतीय न्यायिक इतिहास में ऐसा विरले ही हुआ कि कोई उच्च न्यायालय अपने निर्णय में सर्वोच्च न्यायालय की कार्य-प्रणाली या उसके कारण पैदा हुई स्थिति पर अप्रसन्नता व्यक्त करे। हाल ही में मद्रास उच्च न्यायालय द्वारा ‘अप्पावु बनाम आईएस इंबादुरई’ मामले में दिए गए फैसले ने इस असामान्य स्थिति को जन्म दिया है। मद्रास उच्च […]

UB India News By UB India News Patna, Bihar
गुरुवार, 18 जून 2026, 09:19 AM 6 मिनट read
लाइव टेक्स्ट हाइलाइटिंग के साथ सुनें
शेयर करें:
WhatsAppFacebookXTelegram
2016 के विधानसभा चुनाव में पराजित प्रत्याशी 2026 में विजेता करार …………….
Photo: UB India News Archive

भारतीय न्यायिक इतिहास में ऐसा विरले ही हुआ कि कोई उच्च न्यायालय अपने निर्णय में सर्वोच्च न्यायालय की कार्य-प्रणाली या उसके कारण पैदा हुई स्थिति पर अप्रसन्नता व्यक्त करे। हाल ही में मद्रास उच्च न्यायालय द्वारा ‘अप्पावु बनाम आईएस इंबादुरई’ मामले में दिए गए फैसले ने इस असामान्य स्थिति को जन्म दिया है।

मद्रास उच्च न्यायालय ने न केवल साल 2016 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के परिणाम को लगभग दस वर्ष बाद पलटते हुए द्रमुक प्रत्याशी एम अप्पावु को राधापुरम विधानसभा क्षेत्र का वास्तविक विजेता घोषित किया, बल्कि इस पूरे मामले के निस्तारण में हुई देरी पर गंभीर चिंता व्यक्त की। न्यायालय की टिप्पणी केवल इसी मुकदमे तक सीमित नहीं है; इसने भारतीय लोकतंत्र और न्यायिक-व्यवस्था के सामने एक बड़ा प्रश्न खड़ा किया है- क्या जनादेश को न्याय मिलने के लिए एक दशक तक प्रतीक्षा करनी चाहिए?

राधापुरम विधानसभा क्षेत्र के साल 2016 के चुनाव में अन्नाद्रमुक उम्मीदवार आईएस इंबादुरई को मात्र 49 मतों के अंतर से विजयी घोषित किया गया था। पराजित द्रमुक प्रत्याशी अप्पावु ने इस चुनाव परिणाम को चुनौती देते हुए आरोप लगाया कि उनके पक्ष में पड़े 203 डाक मतपत्रों को अनुचित ढंग से निरस्त कर दिया गया। चुनाव अधिकारियों का तर्क था कि इन मतपत्रों पर सरकारी मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापकों का सत्यापन था, जो राजपत्रित अधिकारी नहीं हैं। बाद में न्यायालय ने साफ किया कि प्रधानाध्यापक राजपत्रित अधिकारी हैं और उनके द्वारा किया गया सत्यापन विधि सम्मत है। न्यायालय की निगरानी में हुई पुनर्गणना में यह स्थापित हुआ कि अप्पावु वास्तव में 109 मतों से विजयी थे। परिणामस्वरूप, न्यायालय ने इंबादुरई का निर्वाचन शून्य घोषित कर दिया और अप्पावु को उस कार्यकाल का विधिवत निर्वाचित विधायक माना।

कानूनी दृष्टि से यह फैसला न्याय की विजय है। न्यायालय ने यह सुनिश्चित किया कि चुनावी प्रक्रिया में हुई प्रशासनिक त्रुटि लोकतांत्रिक जनादेश को स्थायी रूप से विकृत नहीं कर सकती, परंतु इस विजय के साथ एक गहरी विडंबना भी जुड़ी हुई है। जिस व्यक्ति को जनता ने चुना था, वह पांच वर्षों तक उनका प्रतिनिधित्व नहीं कर सका। जिस जनादेश की रक्षा के लिए न्यायालय अंततः खड़ा हुआ, वह जनादेश अपना पूरा राजनीतिक जीवन जीने से वंचित रह गया। यही वह बिंदु है, जहां यह मामला एक निर्वाचन क्षेत्र का विवाद नहीं रह जाता, बल्कि लोकतंत्र में न्याय की समयबद्धता का प्रश्न बन जाता है।

लोकतंत्र में चुनाव केवल प्रतिनिधियों के चयन की प्रक्रिया मात्र नहीं होते; वे जनता की संप्रभु इच्छा की अभिव्यक्ति होते हैं। मतदाता जब मतदान करता है, तब वह केवल एक व्यक्ति का चयन नहीं करता, बल्कि अपनी अपेक्षाओं और राजनीतिक दृष्टिकोण को व्यक्त करता है। यदि उस निर्णय की वैधता का निर्धारण दस वर्ष बाद हो, तो यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया के आगे प्रश्न खड़ा करता है। लोकतंत्र में जनादेश का महत्व तभी है, जब उसे समय पर मान्यता मिले। विलंबित मान्यता इतिहास का संशोधन तो कर सकती है, लेकिन जनता को उसके वास्तविक प्रतिनिधित्व का लाभ नहीं दिला सकती।

यही कारण है कि जन-प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 86(7) निर्वाचन याचिकाओं के शीघ्र निस्तारण पर बल देती है। संविधान की स्पष्ट मंशा है कि चुनावी विवादों का निर्णय ‘यथासंभव छह माह के भीतर’ हो जाना चाहिए। इसका उद्देश्य केवल न्यायिक दक्षता बढ़ाना नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की विश्वसनीयता को सुरक्षित रखना है। यदि चुनावी विवाद वर्षों तक लंबित रहे, तो मतदाता का भरोसा कमजोर पड़ता है और चुनाव परिणामों की वैधता पर अनिश्चितता की स्थिति बनती है।

भारतीय न्यायपालिका स्वयं अनेक अवसरों पर इस सिद्धांत को स्वीकार कर चुकी है। ‘एनपी पोनुस्वामी बनाम रिटर्निंग ऑफिसर’ से लेकर ‘मोहन सिंह गिल बनाम मुख्य निर्वाचन आयुक्त’ और ‘ज्योति बसु बनाम देबी घोषाल’ तक अनेक मामलों में सर्वोच्च न्यायालय ने चुनावी प्रक्रिया की पवित्रता और जनादेश की रक्षा के महत्व को रेखांकित किया है। न्यायालयों ने बार-बार कहा है कि लोकतंत्र की सफलता केवल निष्पक्ष चुनाव कराने में नहीं, बल्कि चुनावी विवादों का त्वरित व प्रभावी निस्तारण में भी निहित है।

यदि कोई मुकदमा छह माह में समाप्त होने की अपेक्षा रखता हो और उसे लगभग दस वर्ष लग जाएं, तो यह सिर्फ प्रक्रियागत समस्या नहीं रह जाती। यह लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व के अधिकार से जुड़ा प्रश्न बन जाता है। यह स्थिति लोकतंत्र की दृष्टि से चिंताजनक है। हालांकि, इस निर्णय का एक सकारात्मक पक्ष भी है। यह फैसला बताता है कि न्यायपालिका अभी भी जनादेश की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। सत्य चाहे कितनी भी देर से सामने आए, न्यायिक प्रक्रिया उसे स्वीकारने का साहस रखती है। साथ ही यह भी रेखांकित करता है कि न्याय की उपयोगिता उसके समय पर मिलने में ही निहित है।

इसलिए चुनाव याचिकाओं के निस्तारण के लिए तत्परता से विशेष व समयबद्ध तंत्र विकसित करने की जरूरत है। चुनाव संबंधी विवाद को सामान्य दीवानी मुकदमों की तरह वर्षों तक लंबित रहने देना लोकतंत्र के हित में नहीं है। विशेष पीठों का गठन, निश्चित समय-सीमा, त्वरित अपीलीय प्रक्रिया और तकनीकी साधनों का उपयोग इस दिशा में उपयोगी कदम हो सकते हैं। लोकतंत्र की विश्वसनीयता जनादेश के प्रभावी संरक्षण से ही मजबूत होती है।

यह एक ऐतिहासिक फैसला है। इसने एक व्यक्ति को न्याय देने के साथ-साथ व्यवस्था को आईना भी दिखाया है। इसने स्मरण कराया है कि लोकतंत्र में सबसे बड़ा पद मतदाता का होता है और उसके मत का सम्मान किसी भी संस्थागत सुविधा या प्रक्रियात्मक विलंब से ऊपर है। यदि हमें अपने लोकतंत्र को जीवंत और विश्वसनीय बनाए रखना है, तो यह सुनिश्चित करना होगा कि जनादेश को न्याय मिलने में समय न लगे।

किसी भी लोकतंत्र में मतदाता केवल सरकार नहीं चुनता, वह व्यवस्था पर अपना विश्वास भी व्यक्त करता है। यदि उस विश्वास की पुष्टि के लिए उसे दस वर्ष प्रतीक्षा करनी पड़े, तो लोकतंत्र अपनी कुछ विश्वसनीयता जरूर खो देता है। यह मामला हमें एक गहरी सीख भी देता है- सत्य की विजय संभव है, किंतु लोकतंत्र की वास्तविक विजय तभी होगी, जब सत्य को समय पर स्वीकार करने की संस्थागत क्षमता भी विकसित हो।

UB India News

UB India News

बिहार और देश-दुनिया की राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक घटनाओं की निष्पक्ष व सटीक रिपोर्टिंग।

संबंधित खबरें (Related Stories)

9 Articles loaded
एक दशक में बदली भारत की उच्च शिक्षा की तस्वीर, विकास से समावेशिता तक नई राह
खास खबर

एक दशक में बदली भारत की उच्च शिक्षा की तस्वीर, विकास से समावेशिता तक नई राह

उच्च शिक्षा संस्थानों के विस्तार, विद्यार्थियों की बढ़ती भागीदारी और समान अवसरों की दिशा में भारत की लंबी छलांग

UB India News30 अग॰
भारत की डिजिटल फर्टिलाइज़र क्रांति: डेटा एनालिटिक्स से बदलेगा सब्सिडी प्रबंधन का ढांचा
खास खबर

भारत की डिजिटल फर्टिलाइज़र क्रांति: डेटा एनालिटिक्स से बदलेगा सब्सिडी प्रबंधन का ढांचा

खाद की खपत से लेकर जिला स्तर तक निगरानी; iFMS नेटवर्क से 14 करोड़+ आधार-लिंक्ड किसान और 2.5 लाख+ खुदरा विक्रेता जुड़े

UB India News30 अग॰
सोनिया गांधी की प्रस्तावित आत्मकथा पर विवाद क्यों !
खास खबर

सोनिया गांधी की प्रस्तावित आत्मकथा पर विवाद क्यों !

सोनिया गांधी की प्रस्तावित आत्मकथा को लेकर विवाद ने किताब, सत्ता और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के पुराने सवाल फिर खड़े कर दिए हैं। यह बहस सिर्फ संपादकीय बदलाव तक सीमित नहीं, बल्कि राजनीतिक रूप से असहज विचारों और लेखकों के साथ व्यवहार से भी जुड़ी है। आंबेडकर की Annihilation of Caste, पेरियार की सच्ची रामायण, सलमान रुश्दी की The Satanic Verses और पेरुमल मुरुगन की One Part Woman भारत में ‘किताबी विद्रोह’ की लंबी परंपरा के उदाहरण हैं। हालांकि हर संपादकीय हस्तक्षेप को सेंसरशिप नहीं कहा जा सकता। सोनिया की किताब ने फिर सवाल खड़ा किया है कि लोकतंत्र में असहमति को दबाया जाए या उसका जवाब विचार से दिया जाए।

UB India News Desk30 अग॰
समय रैना के कॉमेडी शो की कौन सी बात पर मचा बवाल?
खास खबर

समय रैना के कॉमेडी शो की कौन सी बात पर मचा बवाल?

समय रैना के शो इंडियाज गॉट लेटेंट में बिहार और कश्मीर को लेकर की गई टिप्पणी से विवाद बढ़ गया है। सोशल मीडिया पर यूजर्स और नेताओं ने संवेदनशील मुद्दे को मजाक में शामिल करने पर सवाल उठाए हैं।

UB India News Desk30 अग॰
क्या दुनिया तीसरे विश्वयुद्ध से पहले वाले आर्थिक दौर में पहुंच चुकी है?
खास खबर

क्या दुनिया तीसरे विश्वयुद्ध से पहले वाले आर्थिक दौर में पहुंच चुकी है?

आर्थिक संकट के समय, लोकतांत्रिक देश जोखिम लेने से बचते हैं, जबकि तानाशाह देश जोखिम उठाते हैं। इतिहास का यह पैटर्न याद रखने लायक है। द्वितीय विश्वयुद्ध के समय जैसे हालात थे, कुछ-कुछ वैसे ही हालात इस समय बन गए हैं। 1930 और 40 के दशक की तरह ही, टकराव के दायरे बढ़ गए हैं और आपस में मिल रहे हैं। तानाशाह शासकों का गुट पूरी तरह से सक्रिय सैन्य गठबंधन बन गया है। पश्चिम की हालत बहुत खराब है। अमेरिका सैन्य रूप से तैयार नहीं है। अमेरिकी अर्थव्यवस्था में तेजी से और अचानक गिरावट आने की चेतावनी वाले संकेत हर जगह दिख रहे हैं।

UB India News Desk30 अग॰
खेलो इंडिया डायलॉग: ‘जो खेलेगा वो खिलेगा’, युवा एथलीटों से बोले पीएम मोदी
खास खबर

खेलो इंडिया डायलॉग: ‘जो खेलेगा वो खिलेगा’, युवा एथलीटों से बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘खेलो इंडिया डायलॉग – खेल की बात, प्रधानमंत्री मोदी के साथ’ के तहत गुरुवार को युवा एथलीटों को संबोधित किया। पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि जो खेलेगा वो खिलेगा। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान कहा कि खिलाड़ियों के नाम से ही उनके राज्य और शहर की पहचान होती है। पीएम […]

UB India News27 अग॰
पंजाब विधानसभा चुनाव की सियासी तपिश के साथ फिर से अकाली दल और बीजेपी के गठबंधन की बात तेज…………
खास खबर

पंजाब विधानसभा चुनाव की सियासी तपिश के साथ फिर से अकाली दल और बीजेपी के गठबंधन की बात तेज…………

पंजाब में 25 सालों तक बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल मिलकर चुनाव लड़ते रहे हैं, लेकिन किसान आंदोलन के दौरान 2020 में यह ढाई दशक पुरानी दोस्ती टूट गई थी. अब 2027 के विधानसभा चुनाव की सियासी तपिश के साथ फिर से अकाली दल और बीजेपी के गठबंधन की बात तेज हो गई है. बीजेपी […]

UB India News27 अग॰
अजीत डोभाल का चीन दौरा क्यों अहम?
खास खबर

अजीत डोभाल का चीन दौरा क्यों अहम?

भारत और चीन के रिश्तों में पिछले कुछ वर्षों में काफी ज्यादा उतार-चढ़ाव आया है. एक ओर दोनों देश व्यापार, वैश्विक मंचों और बहुपक्षीय संगठनों में साथ दिखते हैं तो दूसरी ओर हिमालयी सीमा पर तनाव ने दोनों देशों के संबंधों को प्रभावित किया है. ऐसे वक्त में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार यानी एनएसए अजीत डोभाल […]

UB India News27 अग॰
भारत में जापानी कंपनियों की संख्या 3 हजार तक पहुंच सकती ,67 अरब डॉलर निवेश टारगेट…………..
खास खबर

भारत में जापानी कंपनियों की संख्या 3 हजार तक पहुंच सकती ,67 अरब डॉलर निवेश टारगेट…………..

भारत में जापानी कंपनियों की संख्या आने वाले कुछ सालों में दोगुनी होकर करीब 3 हजार तक पहुंच सकती है. जापान दौरे पर पहुंचे वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि जापान की कई कंपनियां भारत में निवेश के लिए तैयार हैं. पीयूष गोयल ने ये भी कहा कि टेक्नोलॉजी की कमी […]

UB India News27 अग॰