जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में बुधवार को सदिग्ध आतंकवादियों ने पुलिस दल पर हमला कर दिया। घटना को लेकर अधिकारियों ने बताया कि अनंतनाग कस्बे में लाल चौक के पास संदिग्ध आतंकवादियों ने पुलिस टीम पर गोलीबारी की, जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। इलाज के दौरान जवान की मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे अनंतनाग के लाल चौक पर हुई। अधिकारियों के मुताबिक,अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन को गोली लगी। उन्हें घायलावस्था मे अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
टीआरएफ ने ली जिम्मेदारी
वहीं, इस हमले की जिम्मेदारी द रेजिस्टेंस फोर्स (टीआरएफ) के फाल्कन दस्ते ने ली है। टीआरएफ की स्थापना लश्कर-ए-तैयबा ने पाकिस्तानी सहयोग से साल 2019 में की थी। इस संगठन ने भारत सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाने का फैसला किया था। हालांकि भारत ने पांच जनवरी, 2023 को टीआरएफ को आतंकी संगठन घोषित कर दिया था।








