सकल हिंदू समाज ने धार प्रशासन पर भोजशाला मामले में सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन न करने का आरोप लगाया है और धार बंद का आह्वान किया है. इसके चलते मंगलवार को शहर में बंद का असर देखा जा रहा है. शहर में अधिकांश व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद हैं, जबकि आवश्यक वस्तु एवं मेडिकल प्रतिष्ठान खुले हुए हैं. इसके अलावा कुछ चाय पान की दुकान भी खुली देखी गई हैं. बंद का असर पूरे शहर में दिखाई दे रहा है.
बंद के दौरान जनजीव एन सामान्य दिनों की तरह चल रहा है और स्कूल कॉलेज खुले हुए हैं. बंद को देखते हुए पूरे शहर में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं. शहर में सुरक्षा को लेकर करीब 300 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं.
दुकानें बंद करने का किया आग्रह
भोजशाला मामले में सुप्रीम कोर्ट के आदेश का जिला प्रशासन द्वारा अक्षरशः पालन नहीं करवाने का आरोप लगाते हुए सकल हिंदू समाज ने आज धार बंद का आह्वान किया है. बंद के समर्थन में सुबह सकल हिंदू समाज से जुड़े लोग बाइक से शहर के बाजारों में पहुंचे और खुली दुकानों को बंद करने का आग्रह किया.
पुलिस से हुई बहस
इसी बीच पुलिस अधिकारियों और सकल हिंदू समाज के लोगों के बीच बहस की स्थिति बन गई. मौके पर मौजूद सीएसपी और अन्य पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी दुकानदार पर जबरन दुकान बंद करने के लिए दबाव नहीं बनाया जाएगा.
सुप्रीम कोर्ट की बताई पर नहीं हो रही नमाज
भोज उत्सव समिति के अध्यक्ष सुरेश जलोदिया ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने मुस्लिम समुदाय के लिए सर्वे नंबर 596 पर नमाज अदा करने का निर्देश दिया था, लेकिन प्रशासन इसका पालन नहीं कर रहा है. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने भोजशाला परिसर के निकट सर्वे नंबर 612 को नमाज के लिए चुना है. उन्होंने कहा कि इससे भोजशाला मंदिर का रास्ता भी अवरुद्ध होता है. इसके विरोध में धार जिले में सकल हिंदू समाज ने आज बंद का आह्वान किया है.








