प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को अपना 74वां जन्मदिन मनाएंगे और जीवन के 75वें साल में प्रवेश करेंगे। नरेंद्र मोदी लगातार 3 बार भारत के प्रधानमंत्री बनने वाले पहले गैर-कांग्रेसी नेता हैं। उनकी लीडरशिप में बीजेपी पहली बार 303 सीटें जीतने में कामयाब हुई। इसी दौरान एक वक्त 21 राज्यों में बीजेपी या उसके गठबंधन की सरकार बनाने में भी कामयाब हुए।
नरेंद्र मोदी पिछले नौ साल से देश के प्रधानमंत्री हैं। इस दौरान उन्होंने कई फैसले लिए हैं जिनका काफी असर हुआ है। कुछ फैसले तो ऐसे रहे जिनकी चर्चा देश ही नहीं दुनिया में भी हुई।
पढ़िए, मोदी ने संवैधानिक पद पर रहते हुए अपने कार्यकाल में कौन से 10 बड़े फैसले लिए हैं…पीएम मोदी ने बालाकोट एयरस्ट्राइक, नोटबंदी, लॉकडाउन, आर्टिकल 370 खत्म करने जैसे बड़े फैसले फैसले लिए।
नोटबंदी
प्रधानमंत्री पद के दावेदार रहते हुए 2014 लोकसभा चुनाव के दौरान नरेंद्र मोदी ने कालेधन का मुद्दा जोरशोर से उठाया था। सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 नवंबर 2016 की रात 8 बजे अचानक 500 और 1000 रुपए के नोटों को बंद करने का एलान कर दिया। प्रधानमंत्री के इस फैसले की चर्चा पूरी दुनिया में हुई।
पीएम मोदी ने कहा कि इससे कालेधन की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी। पीएम मोदी के इस फैसले का एक पक्ष ने विरोध किया तो दूसरे ने खुलकर समर्थन भी किया। इससे पहले 1946 और 1978 में भी नोटों पर रोक लगी थी। हालांकि, तब सरकार ने नोटिफिकेशन जारी कर लोगों के पास मौजूद 1000, 5000 और 10,000 के सभी नोट वापस ले लिए थे। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, नोटबंदी के बाद 16 हजार करोड़ रुपए वापस नहीं आए। ये 500 और 1000 रुपए के नोट थे।








