बीपीएससी पेपर लीक का मामला (BPSC paper leak case) अब निजी सियासी अदावत का सबब बनता जा रहा है. वर्तमान डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने जब यह आरोप लगाया कि पेपर लीक के पीछे आरजेडी का हाथ है तो पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने भी इस पर पलटवार किया है. अब इन दोनों की टिप्पणियों में निजी रंजिश भी दिखने लगी है और इस मुद्दे को लेकर सत्तारूढ़ दल और विपक्षी दल के दोनों बड़े नेता आमने-सामने आ गए हैं.
बता दें कि उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने आरोप लगाया था कि पेपर लीक के पीछे आरजेडी का हाथ है. विजय सिन्ह ने कहा था कि, ये वही राजद के लोग हैं जिन्होंने अराजकता फैलाई और बिहार में बच्चों को पलायन करने के लिए मजबूर कर दिया था. पूरी शिक्षा व्यवस्था को चौपट कर नियुक्ति के नाम पर जमीन लिखवाई थी. पेपर लीक में राजद के लोगों का बड़ा हाथ रहता है. विजय सिन्हा ने कहा था कि, हमने तो प्रश्न उठाया था कि तेजस्वी यादव के पीएस प्रीतम पर क्यों जवाब नहीं दे पाए? तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए विजय सिन्हा ने कहा था कि पेपर लीक और आउटसोर्सिंग की बहाली में राजद के लोगों की संलिप्तता रहती है. ये बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करते हैं और उनकी प्रतिभा का दमन करते हैं. बच्चों के बीच उन्मा पैदा करके बिहार में अराजकता फैलाते हैं.
विजय सिन्हा की बात को तेजस्वी यादव ने दिल पर ले लिया और कहा कि डिप्टी सीएम बनने लायक ही नहीं हैं. तेजस्वी यादव ने तो सांकेतिक रूप से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी कठघरे में खड़ा करते हुए पेपर लीक के तार उनके गृह जिले नालंदा से जोड़ दिए. तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश पर सवाल खड़े कर दिए विजय सिन्हा के आरोपों के जवाब दिये. तेजस्वी यादव ने कटिहार में संवाददाताओं से बात करते हुए कहा था कि अगर आरजेडी पेपर लीक करवा रही है तो नालंदा का नाम बार-बार क्यों आ रहा है? तेजस्वी ने पूछा कि सरकार और मंत्री हाथ पर हाथ धरे क्यों बैठे हैं, अगर उन्हें लगता है राजद दोषी है तो जांच कराएं और जो दोषी हो उन्हें सजा दें.
बता दें कि बीपीएससी 70वीं पीटी परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर अभ्यर्थी पटना के गर्दनीबाग में धरने पर बैठे हैं. शनिवार को तेजस्वी यादव इन अभ्यर्थियों से मिलने भी पहुंचे थे और कहा था कि आप एक कदम चलेंगे तो वह चार कदम चलेंगे. बहरहाल, अब इस मसले पर बिहार की राजनीति भी गर्म हो चुकी है और जेडीयू और बीजेपी के सामने राजद और महागठबंधन के नेता भी लगातार हमलावर हो रहे हैं. देखने वाली बात होगी कि इस राजनीति की परिणति आने वाले समय में क्या होती है.
तेजस्वी बोले- आप एक कदम चलेंगे तो मैं 4 कदम
पटना के गर्दनीबाग में री-एग्जाम की मांग को लेकर पिछले 6 दिनों से BPSC अभ्यर्थी धरने पर बैठे हैं। इस बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव देर रात करीब 10 बजे कटिहार से सीधे धरना स्थल पर पहुंच गए। उन्होंने करीब आधे घंटे तक अभ्यर्थियों से बात की। तेजस्वी ने अपने हाथों में परीक्षा को फिर से करवाने की मांग वाला पोस्टर भी लिया।
कैंडिडेट्स की समस्या सुनने के बाद नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ‘आप एक कदम चलेंगे, तो तेजस्वी यादव चार कदम चलेगा। बिहार में सब लोग मिलकर राजपाट चला रहे हैं। केवल मलाई खाने और सत्ता का सुख पाने के लिए सरकार में बने हुए हैं।’
‘जब मैं डिप्टी सीएम था, तब पेपर लीक क्यों नहीं हुआ? 5 लाख लोगों को नौकरी कैसे मिली? अब कैसे पेपर लीक हो जाता है? इन सबके लिए BPSC और सरकार जिम्मेदार है। छात्रों की मांग पूरी होनी चाहिए।’
सरकार अपनी गलतियां छिपा रही है
तेजस्वी ने आगे कहा, ‘मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद होश में नहीं हैं। उनको पता ही नहीं है कि बिहार में क्या कुछ चल रहा है। चार लोग मिलकर पूरे बिहार को चला रहे हैं। यही लोग मिलकर सब बर्बाद करने में लगे हुए हैं। CBI और जांच एजेंसी इनकी है। सरकार अपनी गलतियों को छिपाने का काम कर रही है।
‘विपक्ष पर लगातार आरोप लगाया जा रहा है। पेपर लीक मामले में किसी भी बड़े अधिकारियों पर अब तक कार्रवाई नहीं की गई। छात्रों को इंसाफ मिलना चाहिए। सही तरीके से हर परीक्षा होनी चाहिए। BPSC 70वीं पीटी परीक्षा पूरी तरीके से रद्द होनी चाहिए।’
तेजस्वी ने वीडियो कॉल पर अभ्यर्थियों से की थी बात
इससे पहले गुरुवार रात को नेता प्रतिपक्ष ने बीपीएससी कैंडिडेट्स से वीडियो कॉल पर बात की थी । उन्होंने कहा था, ‘हम आपलोग के साथ हैं। आपके मुद्दे को जोर-शोर से उठाएंगे। एक बात हमेशा याद रखिएगा कि जो लड़ेगा वही जीतेगा। जब डीएम ही थप्पड़ मार रहा है तो प्रदर्शन के दौरान सुविधा कौन देगा। हमारी पार्टी प्रदर्शन में शामिल महिलाओं-बहनों के लिए मोबाइल शौचालय बनाएगी।’
वहीं, जब अभ्यर्थियों ने कहा कि आप हमारा साथ देने के लिए गर्दनीबाग धरनास्थल पर आइए। इस पर तेजस्वी ने कहा था, ‘4 जनवरी को होने वाली परीक्षा से पहले मैं आप लोगों के पास आऊंगा।’








