सोचिए क्रिकेट के विशाल मंच IPL में बिहार की अपनी टीम भी मुकाबला करते दिखे तो! जी हां, ये सपना जल्द ही साकार हो सकता है। बिहार की अपनी आईपीएल टीम को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। जल्द ही वह दिन आ सकता है जब हमारे प्रदेश के क्रिकेटर दूसरे शहरों की फ्रेंचाइजी के बजाय अपने बिहार की टीम में खेलती दिखेगी।
दरअसल वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया। उन्होंने इच्छा जताई कि बिहार की अपनी टीम होनी चाहिए और इसे लेकर वे हरसंभव मदद करेंगे । इसके बाद बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी तुरंत जवाब देते हुए बड़ी बात कह दी। उन्होंने ऐलान कर दिया कि बिहार के क्रिकेट ‘इमोशन’ के लिए प्रदेश सरकार स्पष्ट विजन के साथ मिशन मोड में काम कर रही है। आपके सहयोग से जल्द ही बिहार की क्रिकेट को लेकर सकारात्मक फैसला लिया जाएगा।
अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ‘क्या आपको नहीं लगता चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स की तरह बेमिसाल बिहार की भी एक टीम होनी चाहिए?
बिहार की मिट्टी ने देश को बहुत से बेहतरीन क्रिकेट खिलाड़ी दिए हैं। पटना में जन्मे ईशान किशन ने सबसे कम गेंदों में ODI डबल सेंचुरी लगाई।
समस्तीपुर के वैभव सूर्यवंशी सबसे कम उम्र में IPL डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बने। गोपालगंज के साधारण परिवार में जन्मे साकिब हुसैन की शानदार गेंदबाजी पर आज पूरी दुनिया की नजरें हैं।’
बिहार से बनने वाली टीम दुनिया की बेस्ट टीम होगी
बिहार की अपनी IPL क्रिकेट टीम नहीं होने को लेकर अफसोस जाहिर करते हुए अनिल अग्रवाल ने लिखा, ‘एक बात मुझे हमेशा खलती है कि हमारे बिहार को क्रिकेट में अब भी वह नाम और पहचान क्यों नहीं मिल पा रही, जिसके हम हकदार हैं।
मेरा हमेशा से यह सपना और प्रयास रहा है कि बिहार के युवाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का पूरा मौका मिले, हमारे खिलाड़ियों को भी वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर और सपोर्ट बिहार में ही मिलना चाहिए।
मुझे पूरा भरोसा है कि अगर हमारे बच्चों को सही प्रेरणा और सुविधाएं मिलें, तो हमारे बिहार से बनने वाली टीम दुनिया की बेस्ट टीम होगी।’
हमारी मिट्टी का टैलेंट मैदान पर दिखे
अनिल अग्रवाल ने अपने पोस्ट में लिखा, ‘मैं इस काम में बिहार के युवाओं के साथ पूरी मजबूती से खड़ा हूं। बिहार की क्रिकेट टीम और यहां के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए मैं अपनी तरफ से कंडीशनल सपोर्ट दूंगा।
बिहार मेरे लिए सिर्फ एक राज्य नहीं, एक इमोशन है। और अब वक्त आ गया है कि हमारी मिट्टी का टैलेंट मैदान पर दिखे।’







