देशभर में आज गुरुवार को बकरीद मनाई जा रही है । पटना के गांधी मैदान में हुई बकरीद की नमाज, 10 हजार से ज्यादा नमाजी जुटे ,बिहार समेत आज पूरे देश में ईद-उल-अजहा मनाई जा रही है. भारत में इसे बकरीद भी कहा जाता है, जो कि इस्लाम धर्म का सबसे खास त्योहार है. बकरीद के मौके पर राजधानी पटना का गांधी मैदान नमाजियों की भारी भीड़ से गुलजार हो उठा. सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग नमाज़ अदा करने के लिए गांधी मैदान पहुंचे, जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 10 हज़ार से ज्यादा नमाजियों ने सामूहिक नमाज़ अदा की. नमाज़ के दौरान लोगों ने देश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी. प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके.
इसके पहले बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बकरीद पर राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने और प्रशासन को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है। प्रत्यय अमृत ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए से सभी जिलों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने जिलाधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों, पुलिस उपमहानिरीक्षकों (डीआईजी) और पुलिस महानिरीक्षकों (आईजी) को त्योहार के मद्देनजर पूरे प्रशासनिक तंत्र को अलर्ट मोड में रखने का निर्देश दिया।
सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश
प्रत्यय अमृत ने कहा कि अन्य त्योहारों की तरह बकरीद का पर्व भी शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि बकरीद की सुबह से ही असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाए और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी कड़ी निगरानी की जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि किसी भी स्थान पर तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी जिला प्रशासन पहले से अपनी तैयारियां पूरी कर लें।
कुर्बानी स्थलों और संवेदनशील इलाकों में होगा जवानों का मार्च: DGP
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार ने कहा कि तीन दिनों तक चलने वाले इस पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि कुर्बानी स्थलों और संवेदनशील इलाकों में दंगा नियंत्रण बल, पुलिस और जिला बल के जवान रूट मार्च करेंगे।
सभी थानाक्षेत्रों में गश्त बढ़ाई जाए: विनय कुमार
डीजीपी ने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और पर्याप्त संख्या में दंगा नियंत्रण वाहन और ‘बॉडी प्रोटेक्टिव सूट’ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपद्रवी तत्वों की पहचान कर उन्हें एहतियातन हिरासत में लिया जाए और सभी थानाक्षेत्रों में गश्ती बढ़ाई जाए।
सुबह चार बजे से ही फ्लैग मार्च शुरू करें पुलिस अधिकारी: कुंदन कृष्णन
विशेष शाखा और एसटीएफ के पुलिस महानिदेशक कुंदन कृष्णन ने कहा कि सभी जिलों में पुलिस अधिकारी सुबह चार बजे से ही फ्लैग मार्च शुरू करें। उन्होंने कहा कि मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों और धार्मिक स्थलों पर सौहार्द बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी रखी जाए।
उन्होंने अधिकारियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका होने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने कहा कि पूरे राज्य में शांति, सौहार्द और सार्वजनिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
पटना में 479 जगहों पर पुलिस की तैनाती
बकरीद को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। डीएम और एसएसपी के संयुक्त आदेश पर पटना जिले के 479 संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है। सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त और निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।
सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की नजर
त्योहार के दौरान अफवाहों और भड़काऊ पोस्ट को रोकने के लिए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। फेसबुक, व्हाट्सएप, एक्स और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म्स पर साइबर टीम लगातार नजर रख रही है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए सीधे एफआईआर दर्ज की जाएगी।







