जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने शराबबंदी को लेकर एक बार फिर से बड़ा दावा किया है. दरअसल प्रशांत किशोर ने पत्रकारों से बातचीत में एक महीने में दूसरी बार बड़ा दावा करते हुए कहा है कि अगर हमारी सरकार बनी तो एक घंटा के अंदर में शराबबंदी बिहार से खत्म कर देंगे. प्रशांत किशोर से जब यह सवाल किया गया कि शराबबंदी को कैसे खत्म करेंगे तो प्रशांत किशोर ने कहा कि इसकी जानकारी आपको तब मिल ही जाएगी जब हमारी सरकार बनेगी.
प्रशांत किशोर ने कहा कि हम पिछले कई महीनों से ये कह रहे हैं कि बिहार में शराबबंदी सफल नहीं है इसकी वजह से बिहार को राजस्व का बड़ा घाटा तो सहना पड़ ही रहा है. लेकिन, दूसरी तरफ शराबबंदी का फायदा उठा अवैध शराब के धंधे में लगे राजनेता से लेकर नौकरशाह और बिचौलिया तक अवैध धन कमा रहे हैं. प्रशांत किशोर कहते हैं कि नीतीश कुमार का बिहार में शराबबंदी का फैसला महज ढकोसला है और इसका कोई फायदा बिहार के लोगो को नहीं मिल पा रहा है.
मद्य निषेध मंत्री ने PK को दी चुनौती
वहीं प्रशांत किशोर के शराबबंदी खत्म करने वाले बयान पर बिहार के उत्पाद मद्य निषेध मंत्री रत्नेश सदा कहते हैं कि अगर हिम्मत है कि PK को तो किसी महिला स्कूल और कॉलेज में जाकर लड़कियों के सामने जाकर ये बात कहे तब महिलाएं उनकी राय के बाद क्या हालत करती हैं उन्हें पता चल जाएगा. रत्नेश सदा कहते हैं कि ठीक है कि कहीं-कहीं शराब पीने या बेचने की घटना सामने आती है. लेकिन, वो चोरी छुपे होता है कोई खुलकर इसका साहस नहीं कर सकता है और इसका समाज में भी काफ़ी अच्छा मैसेज जा रहा है जो लोग इसे ख़त्म करना चाहते है वो बिहार के दुश्मन है.








