बिहार की राजधानी पटना से बड़ी खबर है जहां दानापुर छावनी परिषद के उपाध्यक्ष रंजीत राय उर्फ दही गोप की मौत हो गई है. शनिवार रात को अपराधियों ने उसे गोली मारी थी और उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. रविवार की सुबह इलाज के दौरान उसका निधन हो गया. बता दें कि शनिवार शाम ही दो लोगों को अपराधियों ने गोली मारी थी जिसमें गोरख राय की मौत मौके पर हो गई थी. एएसपी दानापुर ने मौत की पुष्टि कर दी है. एक साथ दो लोगों के की हत्या से इलाके में तनाव है.
बता दें कि गोलीबारी की यह घटना दानापुर के पोठिया बाजार की है. यहां एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने गए रंजीत राय को निशाना बनाया गया और गोली मार दी गई. बताया जा रहा है कि अपराधी पहले से घात लगाए बैठे थे और मौका मिलते ही उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं. इस दौरान रंजीत राय और उसके एक सहयोगी गोरखनाथ को गोली लग गई. गोरख राय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि रंजीत राय उर्फ दही गोप को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. इसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन की.
दानापुर के एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया है किघटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया और मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल इस मामले का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमलावरों ने इस वारदात को आखिर क्यों अंजाम दिया. इस घटना के बाद क्षेत्र में भाई का माहौल है और भारी पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है
वारदात के बाद की 6 राउंड फायरिंग
वारदात के बाद अपराधियों ने 6 राउंड हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। गोलीबारी की आवाज सुनकर पास में श्राद्ध भोज में भी अफरा-तफरी मच गई। घायल रंजीत को पहले सगुना मोड़ स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जहां से डॉक्टरों ने रेफर कर दिया था। फिर पटना के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया। रविवार की सुबह रंजीत ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है
दानापुर के एएसपी भानू प्रताप सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है। मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है, जिससे अपराधियों की पहचान किया जा सके। घटनास्थल से 7 खोखा बरामद हुए हैं।









