बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. ऐसे में बयानबाजी का दौर भी जारी है. एक तरफ जहां इंडिया अलायंस में सीएम पद को लेकर गहमागहमी चल रही है तो वहीं दूसरी तरफ एनडीए में भी गाहे-बगाहे सीएम पद को लेकर बयान आ रही हैं. हालांकि एनडीए के बड़े नेता स्पष्ट कर चुके हैं कि इस बार का चुनाव भी नीतीश कुमार के ही नेतृत्व में लड़ा जाएगा. लेकिन इस बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा बिहार में एनडीए सम्राट चौधरी के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगा और जीत हासिल करेंगे. हालांकि जदयू ने इसपर प्रतिक्रिया देते हुए साफ कर दिया है कि
नई दिल्ली से सटे गुरुग्राम में आज महात्मा ज्योतिबा फूले की जयंती के मौके पर ऑल इंडिया सैनी सेवा समाज कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें हिस्सा लेने सीएम नायब सैनी पहुंचे हुए थे. इस दौरान उन्होंने यह बयान देकर अब पार्टी की तरफ से सम्राट चौधरी का नाम भी आगे कर दिया है.
नीतीश के नेतृत्व में चुनाव लड़ने की कई बार कही गई है बात
उल्लेखनीय हो कि अभी तक NDA में CM फेस को लेकर कोई अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. हालांकि बिहार NDA के कई नेता समय-समय पर यह कहते नजर जरूर आए हैं कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा. लेकिन चुनाव के बाद वही मुख्यमंत्री बनेंगे ये तय नहीं है.

नायब सिंह सैनी के बयान से बढ़ी सियासी हलचल
ऐसे में सम्राट चौधरी को लेकर हरियाणा के CM का यह बयान काफी मायने रखता है. मालूम हो कि बिहार में विधानसभा का चुनाव इसी साल सितंबर-अक्टूबर में होना है. चुनाव को लेकर सभी पार्टी अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुटी है. इस बीच नायब सिंह सैनी का यह कहना कि हम सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार का चुनाव जीतेंगे, सियासी हलचल को बढ़ाने वाला है.
सैनी सेवा समाज के महासम्मेलन में बोले नायब सिंह सैनी
दरअसल, दिल्ली से सटे गुरुग्राम में रविवार को ऑल इंडिया सैनी सेवा समाज द्वारा महात्मा ज्योतिबा फूले की जयंती के उपलक्ष्य पर “राष्ट्रीय जागृति महासम्मेलन” का आयोजन किया गया था. इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा समेत कई नेता मौजूद थे.
इसी कार्यक्रम में हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा, “हरियाणा के बाद अब बिहार की बारी है. ये विजय की पताका रुकनी नहीं चाहिए. ये विजय का झंडा बिहार के अंदर भी फहराया जाएगा. और हमारे सम्राट चौधरी के नेतृत्व में फहराया जाएगा.”
पिछड़े समाज को सम्मान मोदी जी ने दिलायाः नायब सिंह सैनी
नायब सिंह सैनी ने आगे कहा कि अगर किसी ने पिछड़े समाज का ध्यान किया, वो मोदी जी ने किया. बीसी समाज को किसी ने इस देश में सम्मान दिया वो मोदी जी ने दिया. हम सबकी भी जिम्मेदारी बनती है कि हम उनको मजबूत करेंगे. मोदी जी के नेतृत्व में हम बिहार में भी विजय का झंडा फहराएंगे. आज मैं सम्राट चौधरी जी को बधाई.
हालांकि नायब सिंह सैनी के बयान पर जदयू ने प्रतिक्रिया दी है. वहीं हरियाणा के मुख्यमंत्री के बयान पर जदयू ने पलटवार किया है. जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता और एमएलसी नीरज कुमार ने बयान जारी करते हुए कहा, ‘बिहार की सरजमी से एक ही बात निकलती है, नीतीश है तो निश्चित है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सार्वजनिक तौर पर यह कह दिया है कि अगला चुनाव नीतीश जी के नेतृत्व में ही लड़ेंगे. सम्राट चौधरी भी कई बार कह चुके हैं कि इस बार भी नीतीश कुमार. एनडीए के पांचों घटक दल ने सहमति दे दी है. 2025 से 30 फिर से नीतीश.’
नीरज कुमार ने फिर दोहराया स्लोगन
नीरज कुमार ने कहा कि 2025 से 30 फिर से नीतीश. बता दें हाल ही बिहार दौरे पर पर पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह ने भी कहा कि इस बार भी एनडीए बिहार का चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ेगा. हालांकि महागठबंधन के बाद अब एनडीए के अंदर भी सीएम फेस को लेकर घमासान छिड़ता हुआ नजर आ रहा है.








