नौकरी के बदले जमीन घोटाला मामले में राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को दिल्ली हाई कोर्ट से बड़ा झटका लगा है. दिल्ली हाई कोर्ट ने लालू यादव की याचिका खारिज करते हुए फौरी तौर पर राहत नहीं दी है और ट्रायल कोर्ट की कार्यवाही पर फिलहाल रोक से इनकार कर दिया है. दिल्ली हाईकोर्ट ने इस मामले में अंतरिम आदेश देते हुए लालू यादव की मुख्य याचिका पर नोटिस भी जारी किया है और 6 हफ्ते में इसका जवाब मांगा है. इस मामले की अगली सुनवाई 12 अगस्त को होगी.बता दें कि जस्टिस रविंदर दुदेजा की सिंगल बेंच ने यह अंतरिम आदेश दिया है.
दरअसल, लालू प्रसाद यादव ने अपनी मुख्य याचिका में मांग की थी कि सीबीआई की एफआईआर और चार्जशीट को रद्द कर दिया जाए. इसके साथ ही चार्जशीट पर संज्ञान लेने के लिए ट्रायल कोर्ट के आदेश को भी रद्द करने की मांग की गई थी. इस मामले में कोर्ट में लालू प्रसाद यादव की ओर से सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल दलील दे रहे थे. कोर्ट के सामने दलील देते हुए कपिल सिब्बल ने कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने बिना आवश्यक मंजूरी के ही जांच जारी रखा गया , जबकि कानून कहता है कि बिना पूर्व अनुमति के जांच शुरू नहीं की जा सकती है ,ये एक अनिवार्य शर्त है.
कपिल सिब्बल ने दी ये दलील
इस मामले में कोर्ट के सामने कपिल सिब्बल ये भी दलील दी गई कि — भले ही अन्य मामलों में मंजूरी ली गई हो , लेकिन इस विशेष मामले में मंजूरी नहीं ली गई थी, लिहाजा इसी के आधार पर दर्ज FIR और चार्जशीट को रद्द करने की मांग की गई थी. बता दें कि जमीन के बदले नौकरी घोटाला उस समय का है जब लालू यादव 2004 से 2009 तक रेल मंत्री के पद पर थे. सीबीआई का आरोप है कि रेल में ग्रुप- डी की नियुक्तियों के बदले कई लोगों से उनके परिवार को जमीनें बेहद कम पैसे में हस्तांतरित कराई गईं. यह पूरा मामला भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग का है.
आगामी 12 अगस्त को होगी सुनवाई
याचिका खारिज होने का अर्थ यह है कि अब भी CBI इस मामले में अपनी जांच जारी रख सकती है. दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा कि लालू यादव के खिलाफ मामला चलता रहेगा. कपिल सिब्बल ने कोर्ट में कहा था कि CBI ने बिना आवश्यक वैधानिक अनुमति लिए ही लालू यादव के खिलाफ जांच शुरू कर दी, जो सुप्रीम कोर्ट के दिशा निर्देशों का उल्लंघन है. लेकिन दिल्ली हाईकोर्ट ने अभी कपिल सिब्बल की दलील के बाद भी लालू यादव को राहत नहीं दी. अब इसकी सुनवाई आगामी 12 अगस्त को होगी.








