संसद के मॉनसून सत्र के दौरान सोमवार को लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की गई. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चर्चा की शुरुआत की. इसके बाद कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने सरकार से कई सवाल पूछे. गोगोई ने कहा कि सरकार यह क्यों नहीं बताती है कि पहलगाम आतंकी हमला कैसे हुआ और आतंकी कैसे घुस आए. गोगोई ने कहा कि सरकार जो 2016 में बातें कहती थीं, वही बात अब फिर कर रही है. पुलवामा हमले के बाद भी ऐसी बातें कही गई थीं.
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान गौरव गोगोई ने पूछा कि राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारा मकसद युद्ध नहीं था, तो क्यों नहीं था. हम पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर कब लेंगे.
पाकिस्तान की इतनी हिम्मत कैसे हुई: गोगोई
साथ ही उन्होंने कहा कि उरी अटैक में सबसे दर्दनाक हमला हुआ था. उरी और पुलवामा के बाद पहलगाम में सबसे भयानक हमला हुआ है. पाकिस्तान की इतनी हिम्मत कैसे हुई कि वो बार-बार हमले कर रहा है.
गौरव गोगोई ने कहा कि पहलगाम हमले को 100 दिन बीत चुके हैं, लेकिन यह सरकार आतंकवादियों को न्याय के कटघरे में नहीं ला पाई है. साथ ही कहा कि पहलगाम हमले को लेकर केंद्र सरकार उपराज्यपाल के पीछे नहीं छिप सकती है.
हम सरकार के दुश्मन नहीं, हम देश के पक्ष में हैं- गौरव गोगोई
लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद ने कहा कि हमें सच्चाई जानने का अधिकार है. हम सरकार के दुश्मन नहीं, हम देश के पक्ष में हैं. गोगोई ने कहा कि किसी देश ने पाकिस्तान को टेरर नेशन का दर्जा नहीं दिया. सरकार डर रही है.
सरकार बताए, पाकिस्तान को चीन से कितनी मदद- गौरव गोगोई
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि सरकार यह बताए पाकिस्तान को चीन से कितनी मदद मिली. पाकिस्तान के साथ सीजफायर क्यों हुआ? पाक को 1 बिलियन डॉलर IMF फंड पर क्या कहेंगे?
ट्रंप के आगे सरकार ने सरेंडर कर दिया- गौरव गोगोई
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि पहले पहले 21 टारगेट्स चुने गए थे फिर 9 हो गए. उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री ने एक बार भी चीन का जिक्र नहीं किया. 26 बार ट्रंप ने युद्ध रोकने का दावा किया. आतंकी पहलगाम कैसे पहुंचे? अचानक सीजफायर क्यों हुआ? ट्रंप के आगे सरकार ने सरेंडर कर दिया
पाकिस्तान घुटने टेकने को तैयार था तो रुके क्यों- गौरव गोगोई
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने संसद में कहा कि आपके समय में ही उरी हुआ, पुलवामा हुआ. आपके ही समय में पहलगाम हुआ. सरकार ने पीओके क्यों नहीं लिया. पाकिस्तान के कुछ मिलिट्री टारगेट्स पर हमले की पाबंदी क्यों थी? पाकिस्तान घुटने टेकने को तैयार था तो रुके क्यों?
सरकार बताए कि हमारे कितने लड़ाकू विमान गिरेः MP गोगोई
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि सरकार आज ये बताए कि हमारे कितने लड़ाकू विमान गिरे. हम इसकी सच्चाई सदन में सामने लाना चाहते हैं.
आतंकवादियों का पता नहीं लगा सकी सरकारः गौरव गोगोई
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि पहलगाम के हमले को 100 दिन हो गए, लेकिन आतंकवादियों का पता नहीं लगाया जा सका. सरकार आतंकियों को पकड़ नहीं सकी.
आतंकवादी कैसे आए, रक्षा मंत्री ने नहीं दिया जवाबः गौरव गोगोई
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा, “राजनाथ सिंह ने बहुत सारी जानकारी दी लेकिन रक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने कभी उल्लेख नहीं किया कि कैसे पाकिस्तान से आतंकवादी पहलगाम पहुंचे और 26 लोगों को मार डाला… राष्ट्र के हित में सवाल पूछना हमारा कर्तव्य है.” उन्होंने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर पर सच्चाई सामने आनी चाहिए.”








