अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को अपने करीबी सहयोगी सर्जियो गोर को भारत में अगला अमेरिकी राजदूत और दक्षिण एवं मध्य एशियाई मामलों के लिए विशेष दूत नियुक्त करने की घोषणा की. ट्रुथ सोशल पर घोषणा करते हुए ट्रम्प ने कहा कि मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि मैं सर्जियो गोर को भारत गणराज्य में हमारे अगले संयुक्त राज्य अमेरिका के राजदूत और दक्षिण और मध्य एशियाई मामलों के लिए विशेष दूत के रूप में पदोन्नत कर रहा हूं.
ट्रम्प ने गोर को “महान मित्र” बताते हुए कहा कि उन्होंने उनके ऐतिहासिक चुनाव अभियानों में काम किया, उनकी बेस्टसेलर किताबें प्रकाशित कीं और एक बड़े सुपर पैक का संचालन किया जिसने ट्रम्प के आंदोलन को समर्थन दिया. गोर, ट्रम्प के प्रशासन में लगभग 4,000 लोगों की नियुक्ति में अहम भूमिका निभा चुके हैं और व्हाइट हाउस के प्रेसिडेंशियल पर्सनल ऑफिस के निदेशक हैं.
भारत-अमेरिका व्यापार तनाव के बीच नियुक्ति
यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापार तनाव बढ़ रहा है. ट्रम्प प्रशासन ने भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगा दिया है, जिसमें रूस से तेल खरीद पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त जुर्माना शामिल है. भारत द्वारा रूस से तेल आयात बढ़ाने को लेकर अमेरिका ने नाराजगी जताई है, और यह मुद्दा द्विपक्षीय संबंधों में तनाव का कारण बना हुआ है.
सर्जियो गोर, एरिक गार्सेटी की जगह लेंगे, जिन्होंने मई 2023 से जनवरी 2025 तक भारत में अमेरिकी राजदूत के रूप में सेवा दी. उनके बाद से दूतावास का अंतरिम प्रभार डी’अफेयर्स जॉर्गन के. एंड्रयूज के पास है.
ट्रंप प्रशासन में अधिकारियों की तैनाती में सर्जियो गोर की रही अहम भूमिका
ट्रंप ने कहा कि सर्जियो गोर दक्षिण और मध्य एशिया मामलों के भी विशेष प्रतिनिधि होंगे। सर्जियो गोर की भारत में राजदूत के रूप में तैनाती ऐसे समय हो रही है, जब टैरिफ के चलते भारत और अमेरिका के संबंधों में थोड़ी खटास महसूस की जा रही है। ट्रंप ने कहा कि गोर और उनकी टीम ने विभिन्न संघीय विभागों और एजेंसियों में करीब 4 हजार अधिकारियों की तैनाती की है और 95 प्रतिशत पद अब भर चुके हैं। ट्रंप ने भले ही सर्जियो गोर के नाम का एलान कर दिया है, लेकिन अभी गोर को सीनेट की मंजूरी भी लेनी होगी और जब तक उन्हें मंजूरी नहीं मिल जाती, तब तक गोर अपने मौजूदा पद पर बने रहेंगे।
एरिक गार्सेटी की जगह लेंगे गोर
ट्रंप के राष्ट्रपति पद के चुनाव अभियान में भी सर्जियो गोर की भूमिका अहम रही थी और गोर ने ट्रंप का सबसे बड़ा चुनावी अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया था। सोशल मीडिया पोस्ट में ट्रंप ने लिखा कि ‘दुनिया में सबसे ज्यादा आबादी वाले हिस्से में, मैं चाहता हूं कि कोई ऐसा हो, जिस पर मैं पूरी तरह से विश्वास कर सकूं और अपने एजेंडा को आगे बढ़ा सकूं ताकि अमेरिका को फिर से महान बनाया जा सके। सर्जियो एक शानदार राजदूत साबित होंगे। उन्हें बधाई।’ वहीं सर्जियो गोर ने भी अपनी नई जिम्मेदारी पर खुशी जाहिर की और कहा कि यह उनकी जिंदगी की अभी तक की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होगी। गोर एरिक गार्सेटी की जगह लेंगे, जिन्होंने मई 2023 से लेकर जनवरी 2025 तक भारत में अमेरिकी राजदूत के रूप में जिम्मेदारी निभाई।
एलन मस्क ने बताया था सांप
एक समय ट्रंप के करीबी रहे दिग्गज उद्योगपति एलन मस्क ने सर्जियो गोर को सांप कहा था। दरअसल मस्क के सरकारी दक्षता विभाग के प्रमुख रहते हुए एलन मस्क और सर्जियो गोर में तनातनी की खबरें सामने आईं थी। जून 2025 में एलन मस्क ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में सर्जियो गोर को सांप कहकर उनकी आलोचना की थी। मस्क का यह पोस्ट उन मीडिया रिपोर्ट्स के बाद सामने आया था, जिनमें दावा किया गया था कि सर्जियो गोर ने व्हाइट हाउस में तैनाती के बावजूद अभी तक अपना सिक्योरिटी क्लीयरेंस पूरा नहीं किया है। हालांकि व्हाइट हाउस ने बताया कि गोर सिक्योरिटी क्लीयरेंस पूरा कर चुके हैं।
खास दूत को भारत भेज डोनाल्ड ट्रंप क्या संदेश देना चाहते हैं? संबंध सुधरेंगे या बढ़ेगी गर्मी, 6 प्वाइंट में समझें
1. लेन-देन आधारित कूटनीति का दौर
सर्जियो गोर को व्हाइट हाउस का ‘हार्डलाइन लॉयलिस्ट’ माना जाता है. विशेषज्ञों का कहना है कि उनकी नियुक्ति का अर्थ है कि अमेरिकी कूटनीति में लॉन्ग टर्म साझेदारी की जगह तात्कालिक अमेरिकी हितों को प्राथमिकता मिलेगी. यह भारत के लिए चुनौती होगी क्योंकि अब वार्ता में सहयोग से ज्यादा दबाव और शर्तें प्रमुख भूमिका निभा सकती हैं.
2. टैरिफ का दबाव और आर्थिक जोखिम
अमेरिका ने हाल ही में भारतीय टेक्सटाइल, रत्न-आभूषण और तेल से जुड़े उत्पादों पर 50% टैरिफ लगाने की घोषणा की है. यह निर्णय भारत के प्रमुख निर्यात क्षेत्रों और लाखों नौकरियों पर खतरा बन गया है. जानकारों के मुताबिक, यह कदम केवल आर्थिक नहीं बल्कि रणनीतिक दबाव का हिस्सा है, जिससे भारत को रूस और चीन के साथ उसके बढ़ते व्यापार पर पुनर्विचार करने के लिए मजबूर किया जा सके. लेकिन इसका उलटा असर भी हो सकता है. भारत ने हाल के महीनों में मॉस्को और बीजिंग के साथ संबंध और मजबूत किए हैं, जो अमेरिकी प्रभाव को कमजोर कर सकते हैं.
3. जियो-पॉलिटिकल बैलेंस पर असर
सर्जियो गोर को राजदूत के साथ-साथ विशेष दूत की भूमिका भी सौंपी गई है. इसका मकसद भारत की भू-राजनीतिक दिशा को अमेरिकी हितों के अनुरूप ढालना है. लेकिन विश्लेषकों का कहना है कि आक्रामक कूटनीतिक रणनीति से उल्टा असर हो सकता है और भारत रूस और चीन की ओर और ज्यादा झुक सकता है. इससे दक्षिण एशिया में अमेरिकी प्रभाव सीमित होने का खतरा है.
4. रक्षा, तकनीक और व्यापार में संभावनाएं
इसके बावजूद सर्जियो गोर का कार्यकाल कुछ अवसर भी ला सकता है. भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते को तेज गति मिलने की संभावना है. फार्मास्युटिकल्स, आईटी और रक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग गहरा सकता है. साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, ऊर्जा और रक्षा उत्पादन में निवेश व साझेदारी के नए रास्ते खुल सकते हैं. हालांकि, इन संभावनाओं को वास्तविकता में बदलने के लिए दोनों देशों को टकराव और तनाव से बचना होगा.
5. विदेश नीति का सीमित अनुभव
सर्जियो गोर की निष्ठा और प्रशासनिक क्षमता पर कोई सवाल नहीं है, लेकिन उनके पास विदेश नीति का प्रत्यक्ष अनुभव बेहद कम है. इससे अमेरिकी कूटनीतिक सर्कल और थिंक टैंकों में असहजता देखी जा रही है. राजनयिकों का मानना है कि यह नियुक्ति भारत के साथ संवाद को और जटिल बना सकती है.
6. निवेशकों और कारोबारी जगत के लिए चेतावनी
भारतीय वस्त्र, रत्न और तकनीक से जुड़े कारोबारी क्षेत्रों में निवेशकों के लिए जोखिम बढ़ गया है. क्षेत्र-विशेष टैरिफ और अस्थिर कूटनीतिक वातावरण सप्लाई चेन को प्रभावित कर सकते हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि भारत-अमेरिका रिश्तों में अगले कुछ महीने निवेश और व्यापार जगत के लिए बेहद अनिश्चित रहने वाले हैं.
कुल मिलाकर सर्जियो गोर की नियुक्ति भारत-अमेरिका संबंधों में संभावनाओं और जोखिमों दोनों का संकेत है. जहां एक ओर रक्षा और तकनीक में सहयोग के नए रास्ते खुल सकते हैं, वहीं लेन-देन आधारित अमेरिकी कूटनीति और ऊंचे टैरिफ भारत के लिए बड़ी चुनौतियां खड़ी कर सकते हैं.








