पश्चिम बंगाल में बीजेपी की पहली प्रचंड जीत के लिए आज शाम गुजरात के वडोदरा में बड़ा अभिवादन किय जाएगा। शाम को करीब 40 हजार लोगों की उपस्थिति में पीएम मोदी रोड शो के जरिए लोगों के अभिवादन को स्वीकार करेंगे। वडोदरा जो पीएम मोदी की कर्मभूमि रही है वहां पर उनके स्वागत के लिए पहली बार गुजराती भाषा के अलावा बंगाली, तमिल और असमिया भाषाओं में स्वागत के बड़े बोर्ड लगाए गए हैं। पीएम मोदी रंगीन लाइटों के बीच वडोदरा के लोगों से मिलेंगे। करीब ड़ेढ़ किलोमीटर लंबे रोड शो के लिए सुरक्षा के तगड़े बंदोबस्त रखे गए है।
अनूठी थीम पर रखा गया ‘रोड शो’
पीएम मोदी का यह रोड गंगोत्री से गंगासागर की थीम पर आयोजित किया जा रहा है। इसमें 10,000 कार्यकर्ता वंदेमातरम् की टी शर्ट पहनकर पीएम माेदी का वेलकम करेंगे। पीएम मोदी इस रोड शो के बाद अपने गुजरात दोरे का समापन करेंगे। इससे पहले वह वडोदरा में पाटीदार (पटेल) समाज के एक बड़े कार्यक्रम में शिरकत करेंगे और 150 करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए सरदारधाम-3 का लोकार्पण करेंगे। इसमें 2000 छात्रों के रहने की सुविधा की गई है। पीएम मोदी इस मौके पर पूरे गुजरात के पटेल समुदाय के लोगों को संबोधित करेंगे। इस मौके पर पीएम मोदी का सम्मान भी किया जाएगा।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद हुआ था रोड शो
यह महज संयोग है कि पीएम मोदी लगभग एक साल बाद फिर वडोदरा में रोड शो करेंगे। पिछले साल उन्होंने 26 मई को पहलगाम आतंकी हमले के बाद हुआ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में भारत की जीत के बाद वडोदरा में रोड शाे किया था। इसमें कर्नल सोफिया कुरैशी का परिवार भी मौजूद रहा था। वडोदरा पुलिस आयुक्त नरसिम्हा कोमार के अनुसार पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर सभी बंदोबस्त किए गए है। इसके लिए जरूरी डायवर्जन किए गए हैं। सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। वडोदरा में पीएम मोदी के ग्रैंड वेकलम से पहले रविवार शाम को एसपीजी की मौजूदगी में रिहर्सल किया गया। इसमें निगम कमिश्नर अरुण महेश बाबू, कलेक्टर अनिल धामेलिया और एसपीजी के अधिकारी मौजूद रहे। पीएम मोदी 2014 में वडोदरा से चुनाव जीते थे।








