बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 को लेकर अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि TRE-4 में सीटों की संख्या और बढ़ाई जाएगी। इसकी घोषणा कभी भी की जा सकती है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांग को ध्यान में रखते हुए ही TRE-4 की घोषणा की गई है। ऐसे में कि किसी भी छात्र या अभ्यर्थी को आंदोलन करने की जरूरत नहीं है। पत्रकारों से बातचीत में शिक्षा मंत्री ने कहा कि अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेजी जा चुकी है। अब परीक्षा आयोजित कराने की जिम्मेदारी BPSC की है।
32,388 सीटों की हो चुकी है घोषणा
मिथिलेश तिवारी ने कहा कि TRE-4 के लिए अभी तक 32,388 सीटों की घोषणा की जा चुकी है। इसमें और सीटें जोड़ी जाएंगी। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास अधिक से अधिक रिक्तियों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल करना है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि हमारी भूमिका अधिक से अधिक रिक्तियां जारी करने तक है। BPSC की अपनी निर्धारित परीक्षा प्रक्रिया और पैटर्न है। परीक्षा कब और किस तरीके से आयोजित करनी है, इसमें हमारी कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने बताया कि सरकार TRE-4 में सीटों की संख्या बढ़ाने की दिशा में कदम उठाएगी। इसके बाद कुल रिक्तियों की संख्या में और इजाफा हो सकता है।
कभी भी जारी हो सकती है परीक्षा तिथि
शिक्षा मंत्री ने कहा कि TRE-4 की अधियाचना BPSC को भेजी जा चुकी है। अब आयोग अपनी प्रक्रिया के अनुसार परीक्षा की तारीख की घोषणा करेगा। BPSC किसी भी समय परीक्षा की तिथियों का ऐलान कर सकता है।
छात्रों को भड़काने और गुमराह करने का आरोप
मिथिलेश तिवारी ने कुछ लोगों पर अभ्यर्थियों को गुमराह करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग चाहते हैं कि TRE-4 की परीक्षा न हो या भर्ती का विज्ञापन रद कर दिया जाए। ऐसे लोग छात्रों को भड़काने और गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। इसके पीछे कुछ कोचिंग संस्थानों के निहित स्वार्थ भी हो सकते हैं। शिक्षा मंत्री ने अभ्यर्थियों से आंदोलन के बजाय भर्ती प्रक्रिया पर भरोसा रखने की अपील की।








