BPSC TRE-4 से PT-Mains, नेगेटिव मार्किंग हटाने और 100% डोमिसाइल की मांग को लेकर पटना के गर्दनीबाग में छात्रों का आंदोलन जारी है। वहीं छात्र आज सीएम हाउस घेरने निकले हैं। इस बीच CM सम्राट चौधरी ने X पर पोस्ट कर विद्यार्थी सहयोग शिविर के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया-विद्यार्थियों की हर आवाज सुनी जाएगी। इधर सीएम हाउस घेरने निकले छात्रों को रोकने के लिए जेपी गोलंबर पर फोर्स की तैनाती की गई। CRPF जवानों को भी उतारा गया, लेकिन छात्रों ने जेपी गोलंबर पर लगे बैरिकेडिंग को तोडकर डांकबंगला पहुंच गए। डाकबंगला पर CPRF जवानों के साथ उनकी धक्का मुक्की हुई। पुलिस उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस दौरान एक छात्रा बेहोश हो गई।
बता दें कि छात्रों ने अपनी कई मांगों को लेकर प्रदर्शन का ऐलान किया था. सोमवार को छात्र नेताओं की शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ करीब दो घंटे तक बातचीत हुई थी. बातचीत के बाद छात्र नेता गर्दनीबाग धरना स्थल पहुंचे थे. धरना स्थल पर छात्र नेता सौरभ सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी. उन्होंने कहा था कि छात्रों ने शिक्षा विभाग के सामने अपनी कई मांगें रखी हैं. विभाग ने कुछ मांगों पर सहमति जताई है. अधिकारियों ने इन मांगों पर कार्रवाई का भरोसा भी दिया था. हालांकि, छात्र नेताओं ने साफ कर दिया था कि मुख्यमंत्री आवास घेराव का कार्यक्रम रद्द नहीं होगा. यह कार्यक्रम पहले से तय समय के अनुसार होगा.
छात्र नेता का कहना है कि अभी भी कई ऐसी मांगें हैं, जिन पर सरकार की ओर से सहमति नहीं बनी है. इसी वजह से मुख्यमंत्री आवास घेराव का कार्यक्रम किया जा रहा है. फिलहाल जेपी गोलंबर पर पुलिस की भारी तैनाती है. पुलिस ने बैरिकेडिंग कर छात्रों को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की है. इसके बावजूद प्रदर्शनकारी छात्र बैरिकेड पर चढ़कर विरोध जता रहे हैं. छात्र डाक बंगला की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं. इससे इलाके में तनाव और अफरा-तफरी की स्थिति बनी हुई है.
- BPSC की परीक्षाओं पर सवाल: छात्र BPSC की कुछ परीक्षाओं में गड़बड़ी का आरोप लगा रहे हैं. वे विवादित परीक्षाओं को रद्द कर दोबारा कराने की मांग कर रहे हैं.
- बिहार दरोगा परीक्षा रद्द करने की मांग: छात्र बिहार दरोगा भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी का आरोप लगा रहे हैं. वे परीक्षा रद्द कर दोबारा परीक्षा कराने की मांग कर रहे हैं.
- TRE-4 में बदलाव की मांग: छात्र TRE-4 में एक ही एग्जाम हो. छात्र पीटी और मेन्स की अलग-अलग परीक्षा नहीं चाहते हैं. नेगेटिव मार्किंग का भी विरोध कर रहे हैं.
- BSSC परीक्षाओं की तारीख जारी हो: छात्रों की मांग है कि BSSC की लंबित परीक्षाओं का जल्द नोटिफिकेशन जारी किया जाए. परीक्षा कैलेंडर भी जारी करने की मांग है.
- BTSC की नियमावली का पालन: छात्रों का आरोप है कि BTSC की भर्तियों में नियमों का सही तरीके से पालन नहीं हो रहा है. वे भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता चाहते हैं.
- लंबित परीक्षाएं जल्द कराई जाएं: छात्रों का कहना है कि कई परीक्षाओं के फॉर्म भरवाए जा चुके हैं. लेकिन परीक्षा की तारीख अब तक नहीं आई है.
- परीक्षा में पारदर्शिता: छात्र चाहते हैं कि सभी प्रतियोगी परीक्षाएं समय पर और पारदर्शी तरीके से हों. उनका कहना है कि परीक्षा में गड़बड़ी होने पर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो.
- वार्षिक परीक्षा कैलेंडर लागू हो: छात्रों की मांग है कि सरकार सभी भर्ती परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर जारी करे. इसकी तारीखों का सख्ती से पालन भी किया जाए.
- मुख्यमंत्री से सीधे बातचीत: छात्र अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री से मिलना चाहते हैं. इसी वजह से उन्होंने मुख्यमंत्री आवास और राजभवन तक मार्च का ऐलान किया है.
‘हाथी चले बाजार..कुत्ते भौंके हजार’, बयान पर BPSC ने माफी मांगी
सोमवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राजेश कुमार सिंह से गर्दनीबाग में छात्रों के प्रदर्शन को लेकर कहा था कि “एक कहावत आपने सुना होगा, हाथी चले बाजार तो कुत्ते भौंके हजार। उनके इस बयान के बाद प्रदर्शन कर रहे छात्र भड़क गए। एक बार कॉकरोच बोला गया था, तो प्रधान जी चले गए। अब सचिव की नौकरी जाएगी। विवाद बढ़ने के बाद BPSC एग्जाम कंट्रोलर ने वीडियो जारी कर माफी मांग ली है। वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने BPSC के एग्जाम कंट्रोलर राजेश कुमार सिंह को सस्पेंड करने के निर्देश दिए हैं।
डाकबंगला पर जुटे प्रदर्शनकारी छात्र
सीएम हाउस घेरने निकले छात्र डाकबंगला पहुंच गए हैं। यहां लोही की शील्ड से बैरिकेडिंग की गई है। छात्र लगातार यहां से आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं।
शिक्षा मंत्री बोले- सभी मुद्दों का समाधान कर दिया गया है
छात्रों के विरोध-प्रदर्शन पर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा, जिन-जिन मुद्दों को लेकर छात्र धरने पर बैठे थे, उनके सभी मुद्दों का समाधान कर दिया गया है। सरकार की नियति ही है कि हम अपने युवाओं की समस्याओं का समय पर निदान करें। युवा जो-जो विषय लेकर आए, हम लोगों ने उसका समाधान किया। मुझे यह सुनकर हैरानी हुई कि जिस इंसान ने 10वीं की बोर्ड की परीक्षा तक नहीं दी, वो परीक्षा पर सुझाव दे रहे हैं। इसी वजह से में तेजस्वी जी को फिर कहूंगा कि एक बार हमारे बिहार सरकार के स्कूल में दाखिला लीजिए, 10वीं पास कीजिए और फिर आकर हमें परीक्षा पर सुझाव दीजिए। हमें आपका सुझाव बहुत अच्छा लगेगा।
प्रदर्शनकारी बोले- आंदोलन में फूट डाल रही सरकार
प्रदर्शन में शामिल मनोज कुमार चंद्रवंशी ने बताया कि कल हमारी शिक्षा सचिव और पटना के DM से बात हुई थी। हमने बताया था कि हम गांधी मैदान से CM हाउस तक जाएंगे। सरकार हमारी मांगें मानने की जगह आंदोलन में फूट डालने में लगी है। कोचिंग के छात्रों को धमकाया जा रहा है। हम मुख्यमंत्री से मिलकर ही रहेंगे।








