बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं प्रारंभिक परीक्षा (PT) में धांधली होने का आरोप लगाकर इसे रद्द करने की मांग कर रहे अभ्यर्थियों का सरकार के मंत्री सुनील कुमार ने जवाब दिया है। मंत्री सुनील कुमार ने इस मसले को राज्यपाल के पाले में डाल दिया है।
मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि बीपीएससी सक्षम प्राधिकार है, वह पूरे मामले में उचित निर्णय लेगा। बीपीएससी कमीशन छात्रों के डिमांड की स्टडी कर रहा है। उचित समय पर वह अपना निर्णय देगी। लाठीचार्ज की घटना पर मंत्री ने कहा कि एक सीमा होती है कि आप किस तरह से प्रदर्शन करेंगे, उसको पटना के सीनियर एसपी और डीएम देख रहे हैं। जहां तक पुन: एग्जाम लेने का प्रश्न है तो बीपीएससी उसपर उचित निर्णय लेगा।
तेजस्वी यादव के बयान पर मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को अधिकार है बयान देने का, लेकिन BPSC ही इस पूरे मामले की जांच करेगा ओर ससमय उचित निर्णय लेगा।
बिहार लोक सेवा आयोग के मुद्दे पर प्रमुख सचिव से अभ्यर्थी की मुलाकात पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि निश्चित तौर पर बातचीत हुई होगी। उन्होंने कहा कि महामहिम राज्यपाल ने भी अध्यक्ष से बातचीत की है। अब राजपाल के स्तर पर क्या फैसला होता है इसको देखा जाएगा। तेजस्वी यादव की ओर से यह कहा जाने पर कि नीतीश कुमार थक चुके हैं, उन्होंने कहा यह बेइमानी वाली बात है। नीतीश कुमार लगातार यात्रा कर रहे हैं और उन्हें समर्थन मिल रहा है।
बता दें कि बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं प्रारंभिक परीक्षा (PT) रद्द करने की मांग को लेकर प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने सोमवार को बिहार के मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा से मुलाकात की। अभ्यर्थी कई दिनों से पटना में धरना दे रहे हैं। पुलिस लाठीचार्ज के बाद यह बैठक हुई। बातचीत बेनतीजा रही। छात्रों ने अपना विरोध जारी रखने का फैसला किया है। वे पुनर्परीक्षा और दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग कर रहे हैं।
BPSC 70वीं PT परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर छात्र पटना में धरना दे रहे थे। रविवार को पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। पुलिस ने लाठीचार्ज और पानी की बौछार का इस्तेमाल किया। इस घटना के बाद, छात्रों के एक समूह ने मुख्य सचिव से मुलाकात की। उन्होंने अपनी मांगों पर चर्चा की। हालांकि, बैठक से कोई ठोस नतीजा नहीं निकला। छात्रों ने अपना विरोध जारी रखने का फैसला किया।








