भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसी CBI का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है. पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) के एक अधिकारी को गिरफ्तार किया गया और अब आयकर विभाग के एक वरिष्ठ IRS अधिकारी को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है.
सीबीआई ने जिस अधिकारी को गिरफ्तार किया है, उनका नाम अमित कुमार सिंघल है. वह 2007 बैच के IRS अधिकारी हैं।.वर्तमान में वे नई दिल्ली स्थित आयकर सेवा निदेशालय में सीनियर एडिशनल डायरेक्टर जनरल के पद पर तैनात थे.
क्या है पूरा मामला?
CBI के अनुसार, अमित कुमार सिंघल ने एक शिकायतकर्ता से 25 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी. यह रकम कथित तौर पर एक कारोबारी के टैक्स मामलों में मदद दिलाने के बदले में मांगी गई थी. सीबीआई ने योजना बनाकर सिंघल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा.
इस मामले में केवल अधिकारी ही नहीं, बल्कि एक निजी व्यक्ति हर्ष कोटक को भी गिरफ्तार किया गया है. हर्ष कोटक इस घूसखोरी में बिचौलिए की भूमिका निभा रहा था.
करप्शन के खिलाफ बड़ा संदेश
यह गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में ED के एक अधिकारी को भी भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. ऐसे में CBI की ये लगातार कार्रवाई करप्शन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति का संकेत देती है.
पहले ED, अब IRS अधिकारी… देश की शीर्ष जांच एजेंसियों के अधिकारियों पर ही भ्रष्टाचार के आरोप लगना गंभीर चिंता का विषय है. लेकिन CBI की ताबड़तोड़ कार्रवाई यह दिखाती है कि भ्रष्टाचार चाहे किसी भी स्तर पर हो, कार्रवाई तय है. यह घटनाक्रम न केवल प्रशासनिक जवाबदेही को बल देता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि सरकारी सिस्टम में खुद-सुधार की प्रक्रिया सक्रिय है.








