आनंद सर ने जैसे ही अपना पहला वीडियो अपलोड किया. वह देखते ही देखते इंटरनेट पर वायरल हो गया. कुछ ही घंटों में इस पर हजारों-लाखों व्यूज आ गए. खास बात यह है कि यह वीडियो पूरे 2 घंटे 17 मिनट का है. इस पहली क्लास में आनंद सर ने बेसिक गणित पढ़ाया है. इसे उन्होंने हमेशा की तरह अपने खास अंदाज में, यानी मजेदार कहानियों और किस्सों के जरिए समझाया है ताकि कमजोर से कमजोर छात्र को भी बात आसानी से समझ आ जाए.
आनंद सर ने साफ कर दिया है कि इस प्लेटफॉर्म पर स्कूली बच्चों से लेकर कंपटीशन की तैयारी करने वाले छात्रों तक, हर किसी के लिए मैथ का कोर्स मिलेगा. यहां टेस्ट और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाएगी. सबसे बड़ी बात यह है कि ये सारी क्लासेस हर किसी के लिए बिल्कुल मुफ्त होंगी. छात्र इन क्लासेस को ‘सुपर इन्फिनिटी’ के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल superinfinityofficial और उनकी वेबसाइट superinfinity.com पर जाकर देख सकते हैं.
इस प्लेटफॉर्म की शुरुआत करते हुए आनंद कुमार ने कहा कि यह कोई आम ऑनलाइन क्लास नहीं है, बल्कि एक आंदोलन है. उनका लक्ष्य पारंपरिक पढ़ाई के तरीके को पूरी तरह बदलना है. इस प्लेटफॉर्म पर मैथ के मुश्किल फॉर्मूलों को समझाने के लिए एनिमेशन, सस्पेंस वाली कहानियों और संगीत का सहारा लिया जाएगा. इससे बच्चों का डर खत्म होगा और वे खेल-खेल में गणित सीख जाएंगे.
पढ़ाई के साथ-साथ यह प्लेटफॉर्म बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए भी प्रेरित करेगा. आनंद सर ने एलान किया है कि ‘सुपर इन्फिनिटी’ आगे चलकर कुछ ऐसी इंस्पिरेशनल फिल्में भी बनाएगा, जो युवाओं का हौसला बढ़ाएंगी. ये फिल्में छात्रों को लाइफ और पढ़ाई के प्रेशर से लड़ना सिखाएंगी.








