छात्रों पर लाठीचार्ज और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर 25 जुलाई को बिहार बंद बुलाया गया। इस दौरान पूरे प्रदेश में जमकर हंगामा और बवाल हुआ। 11 जिलों से पथराव और लाठीचार्ज की खबर आई। सबसे ज्यादा हंगामा सीवान में हुआ। जहां प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग की गई। अब इस मामले में कार्रवाई हुई है, सीवान में स्टूडेंट प्रोटेस्ट के दौरान AK-47 से फायरिंग करने वाले पुलिस जवान अभिषेक पटेल को सस्पेंड कर दिया गया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर SP पूरन झा के बॉडीगार्ड को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। AK-47 से फायरिंग करते हुए वीडियो के सामने आने के बाद यह कार्रवाई हुई है।
इसके अलावा औरंगाबाद में 5, भागलपुर में 41, लखीसराय में 1, कटिहार में 23, बेगूसराय में 5, मधेपुरा में 7 और सहरसा में 4 लोगों की गिरफ्तारी हुई है. अन्य जिलों में भी करीब 100 लोगों को हिरासत में लिया गया है. पुलिस का कहना है कि हिंसा में शामिल लोगों की पहचान सीसीटीवी फुटेज, वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है. जरूरत पड़ने पर आगे भी गिरफ्तारियां की जाएंगी.
भीड़ की ओर सीधी डायरेक्शन में AK-47 से फायरिंग
छात्र संगठनों के बिहार बंद और विरोध-प्रदर्शन के दौरान सीवान में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई थी। प्रदर्शन के बीच SP पूरन झा के बॉडीगार्ड ने भीड़ की दिशा में AK-47 से फायरिंग की, जिसका वीडियो भी सामने आया। वीडियो सामने आते ही पुलिस की कार्रवाई और बल प्रयोग पर सवाल उठने लगे। मामले के तूल पकड़ने के बाद पुलिस मुख्यालय ने पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट तलब की। प्रारंभिक जांच में वीडियो की पुष्टि होने के बाद संबंधित जवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया गया। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
2 घंटे पथराव-लाठीचार्ज चलता रहा
25 जुलाई को पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर पथराव और लाठीचार्ज हुआ। आरोप है कि कुछ प्रदर्शनकारी गांधी मैदान में बने मंच पर चढ़ गए। वहां से पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पहले आंसू गैस के गोले छोड़े। फिर लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। पुलिस कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारी गांधी मैदान से निकलकर शहर के विभिन्न इलाकों में फैल गए। पथराव में SP पूरन झा के हाथ में चोट आई।
तीन छात्रों को लगी गोली
सीवान में हुई फायरिंग में 3 छात्र घायल हुए। जिनमें 2 के गर्दन से गोली छूकर निकल गई, वहीं एक छात्र के जांघ में गोली फंसी है। गर्दन में गोली लगने से एक छात्र की हालत गंभीर थी, जिसे शनिवार को ही पटना रेफर किया गया था। बाद में बाकी दोनों छात्रों को भी पटना में भर्ती कराया गया है।
जेजेडी नेता तेजप्रताप भी अरेस्ट
जन शक्ति जनता दल के नेता तेज प्रताप यादव को भी गिरफ्तार किया गया. उन्हें पुलिस ने बेऊर जेल में रखा है. कोर्ट की तरफ से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है. आज याने सोमवार को वह कोर्ट में जमानत अर्जी दाखिल करेंगे. मालूम हो कि, NEET पेपर लीक और लाठीचार्ज के विरोध में पटना में प्रदर्शन किया गया था. तेज प्रताप यादव गांधी मैदान के पास प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे थे. इस दौरान उग्र भीड़ और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई और जमकर पथराव हुआ. हिंसा में गांधी मैदान के थानाध्यक्ष समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे. इसी केस में उन्हें गिरफ्तार किया गया है.








