पाकिस्तान ने एक बार फिर दुनिया के सामने अपनी ओछी सोच को दिखा दिया है. उसने SCO समिट 2026 की ग्रुप फोटो से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हटा दिया और उसी तस्वीर को सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया. पाक पीएम शहबाज शरीफ ने बड़ी बेशर्मी के साथ अपने एक्स हैंडल पर फोटो शेयर कर दिया है. वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री मोदी ने ग्रुप फोटो को वैसे ही शेयर किया, जैसे वह क्लिक हुई थी. पीएम मोदी के हैंडल से शेयर हुई फोटो में शहबाज भी हैं.
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने मंगलवार (1 सितंबर) को एक्स पर एक पोस्ट शेयर की. इसमें दो तस्वीरें शामिल हैं. ये फोटो एससीओ समिट की हैं, जिसमें पीएम मोदी को क्रॉप कर दिया गया है. यह फोटो काटकर आधी कर दी गई. पाक प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की यह ओछी हरकत दुनिया के सामने आ चुकी है. पाक पीएमओ ने पोस्ट में लिखा, 'प्रधानमंत्री मोहम्मद शहबाज शरीफ 1 सितंबर 2026 को किर्गिस्तान के बिश्केक में SCO काउंसिल ऑफ हेड्स ऑफ स्टेट समिट में राष्ट्राध्यक्षों के साथ एक ग्रुप फोटो में.'
पीएम मोदी के हैंडल से शेयर हुई पूरी तस्वीर
प्रधानमंत्री मोदी के हैंडल से एससीओ समिट की ग्रुप फोटो शेयर की गई है. इसमें शहबाज शरीफ भी शामिल हैं, लेकिन शहबाज अपनी हरकतों से बाज नहीं आए और पीएम मोदी को क्रॉप कर दिया.
पाकिस्तान को क्यों लगी मिर्ची
दरअसल पीएम मोदी ने एससीओ समिट में अपने भाषण के दौरान पाकिस्तान के मुंह पर तमाचा जड़ दिया. उन्होंने पाक का नाम लिए बिना आतंकवाद के मसले पर कड़ा प्रहार किया. भारत सीमा पार आतंकवादी गतिविधियों को लेकर पाकिस्तान को अलग-थलग करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है.








