हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है. इस संकल्प पत्र को बीजेपी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने जारी किया है. इस मौके पर उन्होंने कहा कि अगर हमने हरियाणा की सत्ता में एक बार फिर वापसी की तो 50 हजार स्थानीय युवाओं को रोजगार देंगे. साथ ही हम किसानों के लिए भी विशेष काम करने की योजना के तहत कुल 25 फसलों का एमएसपी घोषित करेंगे. जेपी नड्डा ने आगे कहा कि सत्ता में वापसी के बाद ग्रामीण क्षेत्र की छात्रा को स्कूटर दिया जाएगा. मैं आपको बताना चाहता हूं कि हमारी सरकार के समय में किसाने के लिए फसल का मुआवजा भी बढ़ा है. हमारे लिए इस संकल्प का बहुत मतलब है. हम ये सिर्फ जारी करने के लिए ही जारी नहीं कर रहे हैं, सत्ता में वापसी के बाद हम इसे धरातल पर लागू भी करेंगे. आइये जानते हैं बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र में कौन से बड़े वादे किए हैं…
हर परिवार को देंगे मुफ्त इलाज
जेपी नड्डा ने संकल्प पत्र जारी करते समय कहा कि हमारी सरकार दोबारा सत्ता में आने पर चिरायु आयुष्मान योजना के तहत हर परिवार को 10 लाख रुपये का मुफ्त इलाज दिया जाएगा. वहीं आयुष्मान योजना में 70 साल से अधिक बुजुर्ग को 5 लाख का इलाज मिलेगा.
युवाओं पर भी रहेगा हमारी सरकार का फोकस
जेपी नड्डा ने कहा कि हमारी सरकार युवाओं पर फोकस कर रही है. यही वजह है कि सत्ता में फिर से वापसी करते ही 50 हजार स्थानीय युवाओं को नौकरी दी जाएगी. साथ ही साथ हमारी सरकार 5 लाख युवाओं को नेशनल अप्रेटिस प्रमोशन योजना के तहत मासिक स्टाइपेंड भी दिया जाएगा. दो लाख युवाओं को बिना खर्ची और बिना पर्जी नौकरी.








