आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जम्मू-कश्मीर के डोडा पहुंच गए हैं। वे डोडा के स्पोर्ट्स स्टेडियम में धन्यवाद रैली को संबोधित करेंगे। उनके साथ पंजाब के CM भगवंत मान भी हैं। हालिया विधानसभा चुनाव में AAP के मेहराज मलिक ने डोडा सीट से जीत हासिल की है।
केजरीवाल की यह रैली पहले 10 अक्टूबर को होनी थी। हालांकि, आचार संहिता के कारण रैली स्थगित करनी पड़ी थी। 8 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के नतीजे आए थे। इसमें मलिक की जीत के बाद केजरीवाल ने उन्हें वीडियो कॉल पर बधाई दी थी। मलिक ने केजरीवाल को डोडा आने का न्योता दिया था।
न आने के लिए वीडियो जारी कर माफी मांगी AAP ने 10 अक्टूबर को X पर केजरीवाल का एक वीडियो जारी किया, जिसमें पूर्व सीएम ने कहा- मैं आप सबके बीच आज आने वाला था। इसके लिए कल ही (9 अक्टूबर) पंजाब के सीएम भगवंत मान के साथ एयरपोर्ट के लिए निकल भी गया था।
वहां पता चला कि मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट के चलते हम जम्मू-कश्मीर नहीं जा सकते। अब मैं रविवार को पंजाब के मुख्यमंत्री के साथ आप लोगों के बीच आऊंगा और व्यक्तिगत तौर पर आपसे मिलूंगा। आज न आने के लिए मैं माफी चाहता हूं, ये मेरे बस के बाहर था।
जम्मू-कश्मीर 5वां राज्य जहां AAP का विधायक मेहराज मलिक ने 2024 विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गजय सिंह राणा को 4,000 से ज्यादा वोटों से हराया है। मलिक की जीत के बाद जम्मू-कश्मीर 5वां ऐसा राज्य बन गया, जहां AAP ने खाता खोला है।
मेहराज मलिक ने अपनी जीत का श्रेय जनता को देते हुए कहा था-
हमने सभी सीटों पर चुनाव न लड़कर बड़ी गलती की। अगर हम सभी सीटों पर चुनाव लड़ते तो और सीटें भी जीत सकते थे।

इससे पहले पार्टी ने दिल्ली, पंजाब, गुजरात, और गोवा में भी सफलता हासिल की थी। दिल्ली और पंजाब में पार्टी सरकार चला रही है, जबकि गुजरात में 5 और गोवा में 2 विधायक हैं।








