इंडियन नेशनल लोकदल के प्रमुख और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला का निधन हो गया है। उन्होंने 89 साल की उम्र में गुरुग्राम स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। ओम प्रकाश चौटाला का जन्म एक जनवरी 1935 को सिरसा के गांव चौटाला में हुआ था। चौटाला पांच बार हरियाणा के सीएम रहे। दो […]
By UB India News • Patna, Bihar शुक्रवार, 20 दिसंबर 2024, 10:00 AM • 3 मिनट read
इंडियन नेशनल लोकदल के प्रमुख और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला का निधन हो गया है। उन्होंने 89 साल की उम्र में गुरुग्राम स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली।
ओम प्रकाश चौटाला का जन्म एक जनवरी 1935 को सिरसा के गांव चौटाला में हुआ था। चौटाला पांच बार हरियाणा के सीएम रहे। दो दिसंबर 1989 को चौटाला पहली बार मुख्यमंत्री बने थे। वे 22 मई 1990 तक इस पद पर रहे। 12 जुलाई 1990 को चौटाला ने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद को शपथ ली थी, जब तत्कालीन मुख्यमंत्री बनारसी दास गुप्ता को दो माह में ही पद से हटा दिया गया था। हालांकि चौटाला को भी पांच दिन बाद ही पद से त्यागपत्र देना पड़ा था। 22 अप्रैल 1991 को तीसरी बार चौटाला ने सीएम पद संभाला। लेकिन दो हफ्ते बाद ही केंद्र सरकार ने प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगा दिया था।
सिरसा से तेजाखेड़ा के लिए रवाना हुए विधायक अर्जुन चौटाला
डबवाली रोड स्थित इनेलो महासचिव अभय सिंह चौटाला के आवास गमगीन माहौल है। पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के पौते व रानियां से विधायक अर्जुन चौटाला अपने परिवार के साथ आवास पर मौजूद रहे। रानियां से विधायक अर्जुन चौटाला ने नम आंखों से बताया कि कि दादा जी को सांस की दिक्कत थी। कई दिनों से बीमार थे। गुर्दे में दिक्कत बताई गई थी। इसके बाद वह घर से तेजाखेड़ा फार्म हाउस के लिए रवाना हो गए। तेजाखेड़ा फार्म हाउस पर आगामी रस्मों को लेकर व्यवस्था की जाएगी।
गांव चौटाला में आज भी डबवाली की राजनीति का केंद्र है पुश्तैनी आवास
सिरसा के गांव चौटाला में आज भी पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला का पैतृक आवास राजनीति का केंद्र है। जहां पर पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल ने राजनीतिक जीवन को शुरू किया और पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने बचपन गुजरा। इसी घर से ओमप्रकाश चौटाला ने राजनीति की शिक्षा ग्रहण की थी और चौधरी देवीलाल की विरासत को आगे बढ़ाया था। आज डबवाली के विधायक आदित्य देवीलाल चौटाला और पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला की बहन रहती है। पुश्तैनी मकान में आज भी पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की यादों को संभाल कर रखा हुआ है।
प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। प्रदेश की राजनीति में वे वर्षों तक सक्रिय रहे और चौधरी देवीलाल जी के कार्यों को आगे बढ़ाने का निरंतर प्रयास किया। शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।’
कल दोपहर 3 बजे मुखाग्नि दी जाएगी
डॉक्टरों ने ओम प्रकाश चौटाला की मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई है। कल सुबह 8 से 2 बजे तक सिरसा के तेजा खेड़ा फार्म पर उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। दोपहर 3 बजे उनको मुखाग्नि दी जाएगी।