कॉमेडियन कुणाल कामरा को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर टिप्पणी करना भारी पड़ गया है। उनके खिलाफ पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। शिवसैनिकों में आक्रोश है। वहीं महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने भी कुणाल कामरा को चेतावनी दी है। सीएम फडणवीस ने कहा कि स्टैंड-अप कॉमेडी करने की आजादी है, लेकिन वह जो चाहे बोल नहीं सकते। महाराष्ट्र की जनता तय कर चुकी है कि गद्दार कौन है। कुणाल कामरा को माफी मांगनी चाहिए। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कुणाल की टिप्पणी पर क्या बोले सीएम फडणवीस
महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि स्टैंड-अप कॉमेडी करने की आज़ादी है, लेकिन वो जो चाहे बोल नहीं सकते. कुणाल कामरा को माफ़ी मांगनी चाहिए, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. कॉमेडी करने का अधिकार है, लेकिन अगर जानबूझकर हमारे उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को बदनाम करने के लिए ऐसा किया जा रहा है, तो यह ठीक नहीं है. कुणाल कामरा ने राहुल गांधी द्वारा दिखाई गई वही लाल संविधान की किताब पोस्ट की है, दोनों ने संविधान नहीं पढ़ा है. संविधान हमें अभिव्यक्ति की आज़ादी देता है, लेकिन इसकी सीमाएं हैं.
महाराष्ट्र सीएम फडणवीस
मैं मानता हूं किसी को भी कॉमेडी करने का अधिकार है, व्यंग्य कसने का भी अधिकार है. हमारे ऊपर भी चाहें जितना व्यंग्य कसिए, इसमें किसी को भी कोई दर्द नहीं है. लेकिन अगर कोई जानबूझकर इतने बड़े नेताओं को अपमानित और बदनाम करता है, तो मुझे लगता है कि इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जो भी कानूनी कार्रवाई होगी, वह उसके खिलाफ की जाएगी.
महाराष्ट्र डिप्टी सीएम अजीत पवार
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने आगे कहा कि लोगों ने 2024 के विधानसभा चुनावों में हमें वोट दिया है और समर्थन दिया है. जो गद्दार थे, उन्हें लोगों ने घर भेज दिया. बालासाहेब ठाकरे के जनादेश और विचारधारा का अपमान करने वालों को लोगों ने उनकी जगह दिखा दी. कोई भी लोगों को हंसा जरूर सकता है, लेकिन अपमानजनक बयान देना स्वीकार नहीं किया जा सकता. कोई दूसरों की स्वतंत्रता और विचारधारा का अतिक्रमण नहीं कर सकता. इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के रूप में उचित नहीं ठहराया जा सकता.”
शिवसेना नेता शाइना एनसी ने कामरा की टिप्पणी पर क्या कहा
शिवसेना नेता शाइना एनसी ने भी कामरा पर निशाना साधा और कॉमेडियन पर अश्लीलता को बढ़ावा देने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि आप महाराष्ट्र के सबसे लोकप्रिय सीएम और डिप्टी सीएम को जो कहते हैं और इसे कॉमेडी कहते हैं, यह कॉमेडी नहीं है – यह अश्लीलता है. शिवसेना नेता ने कामरा की मंशा पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि शिवसेना के यूबीटी गुट द्वारा उनका इस्तेमाल किया जा रहा है. उन्होंने कहा, “यह कुणाल कामरा कौन है, जिसे यूबीटी ने ध्यान भटकाने की रणनीति के तहत कठपुतली के रूप में काम पर रखा है और इस्तेमाल किया है? क्या आप सस्ती लोकप्रियता के लिए इतना नीचे गिर सकते हैं?”








