पहलगाम हमले को सोमवार को 6 दिन हो गए हैं। दिल्ली से लेकर श्रीनगर तक हलचल नजर आ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बीच पीएम आवास में 40 मिनट तक मीटिंग हुई। आतंकी हमले के दो और वीडियो सामने आए हैं। इसमें फायरिंग की आवाज सुनाई दे रही हैं। लोग बचने के लिए भागते नजर आ रहे हैं। एक युवक गिरते दिख रहा है। दूसरे में फायरिंग के दौरान पर्यटक बचने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। ये दोनों वीडियो नीचे ब्लॉग में जाकर देख सकते हैं।
वीडियो में क्या दिखा?
वीडियो में देखा जा सकता है कि लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे हैं। इसी दौरान आतंकियों द्वारा की जा रही फायरिंग की आवाज भी सुनाई दे रही है। जिप लाइन एडवेंचर कर रहे पर्यटक को बिल्कुल अंदाजा नहीं है कि नीचे क्या चल रहा है। वह तो अपना वीडियो बनाने में मशगूल है। अचानक उसके कैमरे में एक आदमी जमीन पर गिरता हुआ दिखाई दे रहा है। देखने से लग रहा है कि इस आदमी को गोली लगी है।
पहलगाम में क्या हुआ था?
22 अप्रैल 2025 को कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई थी। आतंकियों ने पर्यटकों को बैसरन घाटी में निशाना बनाया था। आतंकियों ने पर्यटकों से उनका नाम और धर्म पूछा और फिर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। आतंकियों ने कुछ पुरुषों के पैंट भी उतरवाए और उनके प्राइवेट पार्ट चेक किए, जिससे वो यह जान सकें कि पर्यटक हिंदू हैं या मुस्लिम। इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली थी।
इस आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है और सिंधु जल समझौते को निलंबित कर दिया है। इसके अलावा पाकिस्तानी दूतावास से भी कर्मियों की संख्या घटाई गई है। भारत में रहने वाले पाकिस्तानी नागरिकों को भी भारत छोड़ने का आदेश जारी किया गया है।








