कुछ नए satellite सबूत आए हैं। चार दिनों में हमारी सेना ने पाकिस्तान को इतना मारा कि इसके दर्द से पाकिस्तान की आर्मी कम से कम पांच साल तक उबर नहीं पाएगी। अमेरिकी कंपनी Maxar Technologies geospatial intelligence का काम करती है। ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी नई सैटेलाइट तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि हमारी वायु सेना ने पाकिस्तानी एयरफोर्स की कितना भारी नुक़सान पहुंचाया।
चकवाल के मुरीद एयरबेस पर भारतीय वायु सेना ने 10 मई की देर रात अटैक किया था। मुरीद बेस की जो नई सैटेलाइट तस्वीरें आई है, उनमें ज़मीन के अंदर एक स्पेशल वेपंस फैसिलिटी थी। भारत ने मिसाइल से इसी स्टोरेज फैसिलिटी को टारगेट किया और हमारी मिसाइल इस अंडरग्राउंड टनल के एंट्री प्वाइंट से सिर्फ तीस मीटर दूर गिरी थी। इस टनल के एंट्री प्वाइंट पर तीन मीटर से ज्यादा चौड़ा क्रेटर सेटेलाइट तस्वीरों में साफ दिख रहा है।
स्यालकोट से लेकर लाहौर तक, रावलपिंडी से रहीम यार ख़ान तक, भारत ने पहले हारोप और हार्पी ड्रोन से पाकिस्तान के एयर डिफेंस सिस्टम को बर्बाद कर दिया, पाकिस्तान के पांच रडार स्टेशन पूरी तरह तबाह कर दिए, पाकिस्तान ने ड्रोन से जवाबी हमला किया लेकिन भारत के एयर डिफेंस के कवच को पाकिस्तान नहीं भेद पाया। फिर भारत ने क्रूज़ मिसाइल, सरफेस टू सरफेस और एयर टू सरफेस मिसाइलों से पाकिस्तान के 11 एयरबेसेज पर ज़बरदस्त हमला किया।
पाकिस्तान ने भारत के इस ज़बरदस्त हमले से बचने के लिए नागरिक विमानों को ढाल बनाया। भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तानी एयरफोर्स की इस चाल को भी नाकाम कर दिया और पाकिस्तान एयरफोर्स के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर्स को निशाना बनाना शुरू किया, पाकिस्तान के एयर एसेट्स को, उसके जासूसी विमान और फाइटर विमानों को नष्ट कर दिया। अन्तरराष्ट्रीय एजेंसियों का कहना है कि चार दिनों के ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तानी एयर फोर्स को इतना नुकसान पहुंचाया कि पाकिस्तान को इससे उबरने में पांच साल का वक्त लगेगा।
भारत में तो सब जानते हैं कि पाकिस्तानी फर्जी प्रोपेगैंडा करने में बड़े तेज हैं, झूठ बोलने में माहिर हैं। लेकिन अन्तरराष्ट्रीय मीडिया में पाकिस्तान ने कुछ घंटों के लिए ऐसा माहौल बना दिया था मानों उन्होंने भारत के एयरबेसेज को और एयर डिफेंस सिस्टम को नुकसान पहुंचाया है। लेकिन जब भारत की फौज ने सबूत दिखाए, अन्तरराष्ट्रीय रक्षा विशेषज्ञों ने सैटेलाइट तस्वीरों का अध्ययन किया, तो सारी दुनिया को पता चल गया कि मामला उल्टा है। भारतीय वायु सेना ने पाकिस्तान की एयर डिफेंस सिस्टम को तबाह किया, रडार्स को गिरा दिया, हैंगर्स उड़ा दिए।
कुछ एक्सपर्ट्स ने तो यहां तक कहा कि भारत की मिसाइल पाकिस्तान के परमाणु ठिकानों की एंट्री और एग्जिट प्वॉइंट तक पहुंच गई। तब पाकिस्तान घबराया और अमेरिका के पास पहुंचा। आज जो नई तस्वीरें आईं हैं, ये सबूत हैं इस बात का कि पाकिस्तान ने किस कदर झूठ बोला। बुरी हार के बाद आसिम मुनीर को फील्ड मार्शल बनाकर अपनी जनता को बेवकूफ बनाया।








