महाराष्ट्र में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के लिए वोटों की गिनती सोमवार सुबह 10 बजे से जारी है। गौरतलब है कि 7 फरवरी को 731 जिला परिषद सीटों और 1,462 पंचायत समिति सीटों के के लिए मतदान हुआ था। इसमें पूरे प्रदेश से 67 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। इस चुनाव में 2,624 उम्मीदवार जिला परिषद और 4,814 पंचायत समिति सीटों के लिए खड़े हैं। आज इन उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा कि उन्हें इस चुनाव में जीत मिलेगी या हार का मुंह देखना पड़ेगा। सियासी दल और उम्मीदवार, चुनाव नतीजों को लेकर उत्साहित नजर आ रहे हैं।
यहां हुए कड़े मुकाबले में आज कई दिग्गजों के पैतृक गांवों में बड़े उलटफेर देखने को मिल सकते हैं। इससे पूरे राज्य की सियासत में हलचल तेज हो गई है। बता दें कि मतदान पहले 5 फरवरी को होना था लेकिन डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन की वजह से राज्य में 3 दिन के शोक का ऐलान किया गया था। इस वजह से चुनाव की तारीख आगे बढ़ा दी गई थी।
आज पवार परिवार की साख भी दांव पर है। पुणे जिला परिषद चुनाव इस बार सबसे ज्यादा चर्चा में है क्योंकि यह जिला परिषद लंबे समय से पवार परिवार के नेतृत्व वाली NCP का मजबूत गढ़ मानी जाती रही है। लेकिन देखना ये होगा कि आज जब नतीजे आते हैं, तो पुणे की जनता का झुकाव किस ओर दिखता है।
अजित पवार के निधन के बाद NCP की पहली बड़ी चुनावी कसौटी
प्लेन क्रैश में अजित पवार की मृत्यु के बाद पहली बड़ी चुनावी कसौटी माने जा रहे इन चुनावों पर NCP की राजनीतिक दिशा और संगठनात्मक एकता के लिहाज से सभी की नजर है। पश्चिमी महाराष्ट्र के अपने गढ़ों में पार्टी के विभिन्न गुटों ने गठबंधन में चुनाव लड़ा है। ये नतीजे दिवंगत अजित पवार और पार्टी संस्थापक शरद पवार के नेतृत्व वाले एनसीपी गुटों की भविष्य की राजनीतिक दिशा तय करने के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। दोनों गुटों ने पुणे, सातारा, सोलापुर और सांगली में इन चुनावों के लिए अपनी 2 साल पुरानी प्रतिद्वंद्विता को दरकिनार करते हुए अनौपचारिक गठबंधन किया था जहां दोनों पक्षों के उम्मीदवार मूल चुनाव चिह्न ‘घड़ी’ के साथ मैदान में उतरे। दोनों गुटों ने पिछले महीने पुणे और पिंपरी चिंचवड निकाय चुनाव भी साथ मिलकर लड़ा था।
छत्रपति संभाजीनगर जिला परिषद में BJP आगे
छत्रपति संभाजीनगर जिला परिषद में कुल 63 सीटें हैं और अभी तक 3 के रुझान आए हैं। इनमें 2 सीटों पर बीजेपी और एक सीट पर शिवसेना (शिंदे) आगे हैं।
- बीजेपी- 02
- शिवसेना (शिंदे)- 01
- शिवसेना UBT- 01
- NCP- 0
- कांग्रेस- 0
सुबह 10 बजे से वोटों की काउंटिंग शुरू
महाराष्ट्र में 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के लिए हुए चुनाव के नतीजे आज घोषित किए जाएंगे। सुबह 10 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो गई है। चुनाव नतीजों के बाद कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार मीडिया से बातचीत करेंगे।








