पाकिस्तान में अफगान तालिबान ने ड्रोन से हवाई हमले करने का दावा किया है। तालिबान के रक्षा मंत्रालय और एक सरकारी प्रवक्ता ने जानकारी दी कि उन्होंने पाकिस्तान में सैन्य ठिकानों पर ड्रोन से सफल हवाई हमले किए हैं। वहीं, पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि आतंकियों ने ड्रोन का इस्तेमाल करने की कोशिश की थी, लेकिन उन्हें एंटी-ड्रोन सिस्टम से मार गिराया गया और इसमें किसी भी तरह का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
तालिबान का ड्रोन हमला नाकाम, सभी मार गिराए
पाकिस्तान के सूचना मंत्री ने जानकारी दी है कि पाकिस्तानी तालिबान ने ड्रोन से हमले करने की कोशिश की थी। उन्होंने बताया कि सभी ड्रोन को मार गिराया गया और इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।
पाक-अफगान सीमा पर मोर्टार हमला, कैंप में अफरातफरी
पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर तोरखम के पास ओमारी कैंप में रात भर हुए एक मोर्टार हमले के बाद डरावना और अफरातफरी का माहौल है। समाचार एजेंसी एएफपी से बात करते हुए एक 65 वर्षीय व्यक्ति गंदर खान ने बताया, “बच्चे, महिलाएं और बूढ़े लोग भाग रहे थे। मैंने खून देखा, हमले में दो-तीन बच्चे और दो-तीन महिलाएं घायल हुईं।” एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि दहशत के कारण कई बच्चे लापता हो गए और लोग डर के मारे अपने कागज, पैसे और सहायता राशि तक छोड़कर भाग गए।
पाक-अफगान संघर्ष: दोनों तरफ से भारी नुकसान का दावा
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर जारी संघर्ष को लेकर दोनों तरफ से बड़े दावे किए जा रहे हैं। विभिन्न समाचार एजेंसियों के अनुसार, पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने कहा है कि लड़ाई में 133 अफगान तालिबान लड़ाके मारे गए हैं और 200 से ज्यादा घायल हुए हैं। वहीं, तालिबान सरकार ने अपने 8 लड़ाकों के मारे जाने और 11 के घायल होने की जानकारी दी है। तालिबान ने यह भी दावा किया है कि उसने 55 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया और दो सैन्य ठिकानों समेत 19 चौकियों पर कब्जा कर लिया है। हालांकि, पाकिस्तान ने अपने केवल दो सैनिकों के मारे जाने की पुष्टि की है।








